पटना(ब्यूरो)। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर रविवार को राजभवन के राजेन्द्र मंडप में एक भारत, श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत आयोजित महाराष्ट्र दिवस समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि बिहार और महाराष्ट्र के लोग एक-दूसरे राज्य की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रहे हैं। इसी प्रकार भारत के अन्य राज्यों में भी विभिन्न प्रदेशों के लोग वहां की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। भारत के विभिन्न राज्यों में संस्कृति के अलग-अलग रंग और पहलू हमें दिखाई पड़ते हैं, परंतु हमारा देश सांस्कृतिक और वैचारिक रुप से एक है। पूरे भारत की मिट्टी और उसकी खुशबू एक है।

सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
इससे पहले राज्यपाल ने कार्यक्रम में शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर मराठी संस्कृति पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के सभापति देवेश चन्द्र ठाकुर, राज्यपाल के प्रधान सचिव रॉबर्ट एल चोंग्थू, महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष जयचंद पवार, सचिव संजय जगन्नाथ भोंसले और अन्य लोग शामिल हुए।