पटना(ब्यूरो)। सोने की चमक आज भी वही है, लेकिन रेट महीने और साल भर में बड़े बदलाव के साथ आ रहे हैं। सोने की कीमतों में हाल के दिनों में ज्यादा इजाफा हुआ है। इसे ध्यान में रखकर अब ग्राहक ज्वेलरी की खरीदारी कर रहे हैं। पहले जहां 22 कैरेट और 18 कैरेट को गोल्ड ज्वेलरी की खरीदारी का ट्रेंड चला आ रहा था, अब लोग 14 कैरेट के गोल्ड को भी प्रेफर करने लगे हैं। 22 कैरेट से 18 कैरेट में 800 रुपये और 14 कैरेट में प्रति ग्राम करीब दो हजार रुपये का अंतर है। इसे ध्यान में रखकर ग्राहक खरीदारी कर रहे हैं। जानकारी हो कि वर्ष 2022 से अब तक सोने की कीमतों में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी हुई है।

ये है फैक्टर

आखिर सोने के रेट में तेजी का क्या कारण है? वर्ष 2022 से अब तक 24 कैरेटे में प्रति ग्राम लगभग एक हजार रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसी प्रकार, 22 और 18 कैरेट में भी इसका असर दिखा है। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि रूस -यूक्रेन वार के कारण इसमें बहुत बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा महंगाई के कारण भी इसका असर दिखता है। जानकारी हो कि विदेशों में पहले से ही 14 कैरेट का गोल्ड चलन में है। और अब यह चलन यहां भी दिखना शुरू हो गया है।

अभी शुरुआती ट्रेंड

पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि शुरू से ही 22 और 18 कैरेट के सोने की खरीद का चलन रहा है। यह नया ट्रेंड है कि 14 कैरेट भी लोग लेना प्रेफर कर रहे हैं। वहीं, तनिष्क, फ्रेजर रोड के स्टोर मैनेजर उमेश टेकरीवाल ने बताया कि यह ट्रेंड भले ही शुरूआती हो लेकिन इसके आगे भी बने रहने की उम्मीद है। हाल के दिनों में गोल्ड की बढ़ती कीमतों को लेकर यह असर दिख रहा है। लोग न केवल गिफ्ट के लिए बल्कि खुद भी 14 कैरेट लेना प्रेफर कर रहे हैं।

14 कैरेट इसलिए भी

ज्वेलर्स बताते है कि सोना जितना अधिक कैरेट का होगा, वह उतना ही मुलायम होगा। कैरेट कम होने पर उसमें कड़ापन बढ़ जाता है। इस लिहाज से यदि लोग लाइट वेट ज्वेलरी लें तो उसकी लास्टिंग अच्छी होती है। हाल के दिनों में लाइट वेट ज्वेलरी का चलन तेज हो गया है। एंटीक पीस की जगह काफी हद तक लाइट वेट ज्वेलरी ने ले ली है। ग्राहकों की इस पसंद को देखते हुए अब कुछ ज्वेलरी कंपनियों ने 14 कैरेट की सीरीज निकाली है, जिसमें महज पांच हजार की प्राइस रेंज से शुरूआत होती है। यह ग्राहकों को डेली लाइफ के लिए काफी पसंद आ रही है।

छह साल और दाम दोगुना

यदि सोने के 24 कैरेट के भाव पर नजर डाले तो पता चलता है कि वर्ष 2017 से अब तक इसका मूल्य लगभग दोगुना हो चुका है। इसमें सबसे अधिक तेजी 2022 से 2023 के बीच दर्ज की गई है। इसी ढर्रे पर गोल्ड के 22 कैरेट और 18 कैरेट के भाव में भी तेजी दर्ज की गई है। पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार का कहना है कि मेरे आकलन में वर्ष 2019 से अब तक करीब डेढ़ गुना मूल्य बढ़ चुका है। वहीं, यूक्रेन वार के बाद इसमें 20 प्रतिशत का इजाफा देखा जा रहा है। यह ट्रेंड यह भी बता रहा है कि आने वाले दिनों में सोने केवल शौक के लिए नहीं, बल्कि इन्वेस्टमेंट के लिए भी एक बड़ा आकर्षण बन रहा है।