चोरों ने पुलिस को फिर दी चुनौती, थाने से महज 200 मीटर दूर 60 लाख की चोरी

-पत्रकार नगर थाना क्षेत्र की है वारदात, आरोपी अब भी फरार

PATNA(4Nov) : राजधानी पुलिस छठ महापर्व में ड्यूटी की थकान भी अभी नहीं निकाल पाई थी कि चोरों ने उन्हें एक बार फिर चुनौती दे दी है। चोर आराम से घर में घुसे और दो घंटे तक उत्पात मचाया और 60 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति लेकर भाग गए हैं। हैरानी की बात ये है कि चोरों ने घर में आराम से चाय बनाई। घटना के समय पीडि़त परिवार छठ मनाने गांव गया था। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस संदेहियों से पूछताछ कर रही है।

फ्लैट को बाहर से कर दिया था लॉक

रात करीब दो बजे पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर स्थित प्रवीण कुमार के घर में चोर घुसे थे। उस अपार्टमेंट में 6 फ्लैट है। चोरों ने सभी फ्लैट को बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद घर के एक-एक सामान को आराम से देखा और बांधकर ले गए।

दाल-चावल तक नहीं छोड़ा

चोरों ने घर का एक सामान तक नहीं छोड़ा। घर में रखे दाल-चावल और तेल लेकर अपने साथ गए। इसके साथ ही उन लोगों ने बच्चों का बस्ता तक नहीं छोड़ा उसे भी अपने साथ लेकर गए। घटना की जानकारी लोगों को उस समय हुई जब सुबह आसपास के फ्लैट के लोगों का गेट नहीं खुला। इसके बाद लोगों ने अपने जानने वालों को फोन किया। बाद में गेट तोड़कर सभी लोग बाहर आए।

लिपिस्टिक से लिखा, अच्छी हैं भाभी जी

घर में घुसे चोरों ने इस घटना को अंजाम देने के दौरान नगदी, जेवर और कीमती सामान को लूटा। मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को मिली तो पुलिस भी मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंची। अभी तक जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक घटना को अंजाम देने वाले चोर काफी देर तक घर में मौजूद रहे। चोरों ने जहां ड्रेसिंग टेबल के शीशे पर लिखा था कि भाभी जी बहुत अच्छी हैं। वहीं गृहस्वामी के लिए भी अभद्र शब्द लिखे।

चेंज हो गई है ड्यूटी

फ्लैट के मालिक प्रवीण कुमार ने बताया कि सुबह 4 बजे हम लोगों को फोन पर सूचना मिली कि घर में चोरी हो गई है। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने कहा कि अभी ड्यूटी चेंज हो गई है। जो नए पुलिसकर्मी आएंगे तो वो लोग जाएंगे। प्रवीण ने कहा कि चोरों के अंदर पुलिस का खौफ बिलकुल भी नहीं है। अगर उन्हे पुलिस का खौफ होता तो चोर इतने आराम से चोरी नहीं करते।

डीवीआर भी ले गए चोर

जिस फ्लैट में चोरी हुई है वहां पर सीसीटीवी लगा हुआ है। पुलिस जब सर्च करने पहुंची तो पता चला कि चोरों ने सीसीटीवी का कनेक्शन काट दिया था। इसके बाद डीवीआर लेकर चले गए। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी को खंगाल रही है।

हर दिन हो रही 19 चोरियां

राजधानी में चोर काफी सक्रिय हैं। पटना में पिछले 7 महीने यानी जनवरी से जुलाई के बीच 4135 चोरी की घटनाएं हुई है। यानी अगर राजधानी में औसत चोरी देखा जाए तो हर रोज 19 चोरियां हो रही हैं। चोरी की कई ऐसी घटनाएं हैं जिसका अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।

महीना चोरी

जनवरी 563

फरवरी 553

मार्च 538

अप्रैल 642

मई 546

जून 637

जुलाई 656

कुल 4135

वर्जन

मामले में जांच की जा रही है। संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

-गरिमा मलिक, एसएसपी पटना