पटना ब्यूरो। महिलाओं को हेप्नोटाइज कर उनके गहने उड़ा लेते हैं। अगर सामने वाले के गले में विशेष गहना इन्हें नजर नहीं आता है। तब उनसे विशेष ग्रह दशा सुधार व आने वाले समय में संभावित विपत्ति से बचाने के नाम पर मोटी राशि ठग कर एक दो तीन हो जाते हैं।
कैसे देते हैं ठगी को अंजाम
यह लोग अपना वेशभूषा किसी तांत्रिक टाइप बनाकर घर की महिलाओं से संपर्क करते हैं। टाइमिंग को लेकर यह लोग सर्तक रहते हैं। इसलिए ज्यादातर यह लोग ऐसे टाइम को चुनते हैं। जिस समय घर के पुरूष सदस्य बाहर होते हैं। इन्हें पता होता है कि अगर घर में पुरूष सदस्य मौजूद होंगे। तब ठगी को अंजाम दे पाना मुश्किल होगा। घर में दाखिल होने के साथ यह लोग भीक्षा देने की मांग करते हैं। उसके बाद भीक्षा देने आई महिला को गहने पहने हुए देख कर अपनी प्लानिंग करते हैं। उन्हें बताते हैं कि इस घर पर कुछ गंभीर विपत्ति आने वाली है। अगर कुछ उपचार नहीं किया गया तो बड़ा अनहोनी होने से कोई रोक नहीं सकता है। फिर उपचार के नाम पर महिला का गहना लेकर उसे एक कागज में रख कर महिला से कहा जाता है कि इसे पूजा घर में ले जाकर रख दे और कागज को 12 घंटे के बाद ही खोलना। लेकिन जब कागज खोली जाती है तब उसमें गहना नहीं होता है। वहीं एक अन्य मामले में ठग यह बताते हैं कि अगर विशेष अनुष्ठान नहीं किया गया तो इस घर से तीन महीने बाद किसी की मृत्यु निश्चित है। फिर विशेष अनुष्ठान के नार पर चालिस हजार रुपये लेकर एक तय समय पर अनुष्ठान करने की बात निश्चित होती है। लेकिन फिर निर्धारित समय पर कोई अनुष्ठान के लिए नहीं आता है। तब फैमिली को यह बात समझ आती है कि उनके साथ धोखाधड़ी की गई है।
फैमिली का पर्सनल जानकारी पहले जुटा लेते हैं
यह लोग जिस घर में भी जाते हैं। उसके बारे में पहले से होम वर्क करते हैं। उस घर में हाल फिलहाल कैसा चल रहा है। फैमिली किस परेशानियों से जूझ रही है। पूरी जानकारी जुटाने के बाद उस घर के लोगों से संपर्क कर उनसे उनकी ही निजी जानकारी शेयर उन्हें हेप्टोनाइज कर लेते हैं।
केस नंबर 1
सीमा देवी राजीव नगर की रहने वाली है। उनके पति राजीव शर्मा बैंक में जॉब करते हैं। 2 जनवरी को उनके पति जब अपने काम के लिए निकल गए। तब उनके घर पर दो युवा तांत्रिक दस्तक देते हैं। उन्होंने घर में आने की अनुमति मांगी और फिर घर में कैम्पस में दाखिल हो गए। उन्होंने सीमा देवी से कहा कि इस घर पर किसी प्रेत का साया है। यहीं कारण है कि पति और पत्नी के बीच अक्सर तनाव बना रहता है। सीमा उनकी बात में आ गई। फिर उन्होंने बताया कि आप अपना गहना दीजिए उसे अभिमंत्रित कर देता हंू। ठग ने गहना लेकर उसे एक कागज में लपेट कर सीमा को वापस कर दिया और उसे पूजा रूम में रखने को कहा। शर्त यह थी कि कागज एक दिन बाद खोली जाए। यह सब प्रोसेस सीमा के सामने हुआ था। इसलिए उसे इसमें कुछ भी गलत नहीं लगा। लेकिन कल जब वह कागज खोलती है तब उसमें उनके गहने नहीं होते हैं। जिसके बाद सीमा ने इस मामले की शिकायत दर्ज करवाई है।
केस नंबर 2
बेटी पर संकट बता ठगे थे सोने की बाली
दक्षिणी चांदमारी रोड, कंकड़बाग की निवासी वीरमणी देवी 21 मई, 2023 की सुबह मॉर्निंग वाक को निकली थीं। वापसी के दौरान रास्ते में उन्हें एक व्यक्ति रोक कर अनिता योग का पता पूछा। उन्होंने अनभिज्ञता जताई और आगे बढऩे लगीं। तभी उसने कहा कि आपके माथे की लकीरों को मैंने पढ़ा है और आपके बेटी पर संकट आने वाला है। उसने स्वयं को हरिद्वार से आया बाबा बताया। इस बीच, उसने एक और व्यक्ति को आवाज लगाई। उससे कहा कि तुम्हारी मां बीमार है और तुम उसके लिए दवा लेने जा रहे हो। जब उस व्यक्ति ने हां कहा तो वीरमणी देवी का विश्वास जालसाज पर बढ़ गया। दोनों को कथित बाबा ने कुछ दूरी से पेड़ 10 पत्ता तोड़ कर लाने को कहा। रास्ते में दूसरा व्यक्ति वीरमणी देवी से बाबा का गुणगान करने लगा, जिसके बाद वह पूरी तरह झांसे में आ गईं। बातों में उलझा कर जालसाज ने उनसे 10 ग्राम के सोने के कान के बाली उतरवा दी। इसके बाद उन्हें कुछ कदम आगे बढऩे को कहा। उसकी बात मानकर वीरमणी देवी आगे बढ़ीं और पीछे मुड़ कर देखा तो दोनों व्यक्ति फरार हो चुके थे.
केस नंबर 3
हरिद्वार से आया हूं और बेटे पर आने वाले संकट दूर कर दूंगा, ऐसा कहकर जालसाजों ने पश्चिमी बोरिंग कैनाल रोड में रहने वाली सुनीता सिंह से जेवरात और नकदी ठग ली। वारदात पंचमुखी मंदिर के सामने रविवार की दोपहर लगभग डेढ़ बजे की है। इस बाबत महिला ने सोमवार को एसकेपुरी थाने में प्राथमिकी कराई। थानेदार मो। चांद परवेज ने बताया कि आरोपितों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
केस नंबर 4
मामला रामकृष्णनगर थाना के खेमनीचक इलाके की है। यहां पर बबीता देवी के घर पर ऐसे ही तांत्रिकों के गिरोह ने दस्तक दी। बातों ही बातों में ही उलझा कर बताया कि घर में कुछ समस्याएं हैं। अगर आप अपने मंगल सूत्र को अभिमंत्रित करा लेती है। तब परेशानी दूर हो जायेगी। इसके बाद ठग मंगल सूत्र लेकर फरार हो गए।
कैसे बचें इनसे
1 ऐसे किसी भी तांत्रिक के फर्जी बातों पर भरोसा नहीं करें।
2 दूसरी बात कि जब पुरूष सदस्य घर पर न हो तब ऐसे तांत्रिक को घर के अंदर तो बिलकुल भी नहीं आने दे।
3 कुछ भी संदिग्ध टाइप से दिखे तो पुलिस और अपने घर के सदस्यों को इसकी तत्काल सूचना दें।
4 जब भी इस टाइप के लोग घर पर आए आप अकेले में तो इनसे बिलकुल भी नहीं मिले। घर में पुरूष सदस्य नहीं हैं तब अपने आस पड़ोस के लोग को बुला लें।