- बरौली के निवासी हैं नृपेंद्र, दक्षिण अफ्रीकी देश टोगो के विकास में योगदान के लिए दिया गया सम्मान

GOPALGANJ: विश्व के दूसरे देशों में भारत और बिहार का मान बढ़ाने वाले लोगों में एक और नाम जुड़ गया है। गोपालगंज जिले के बरौली प्रखंड की बेलसड़ पंचायत के बेलसड़ तिवारी टोला निवासी नृपेंद्र तिवारी को पश्चिम अफ्रीकी देश टोगो के आर्डर आफ मोनो से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान टोगो के राष्ट्रपति गना¨सगबे ने दिया है। आर्डर आफ मोनो, टोगो का सबसे बड़ा सम्मान मना जाता है। बड़े उद्यमी के रूप में पहचाने जाने वाले नृपेंद्र तिवारी को यह सम्मान टोगो के विकास में विशेष योगदान के लिए दिया गया है। नृपेंद्र तिवारी और अभिनेता पंकज त्रिपाठी एक ही परिवार से हैं। यह जानकारी दिल्ली स्थित अपने आवास पर रह रहीं नृपेंद्र तिवारी की पत्नी विमल तिवारी ने दी।

सिवान से की इंटर की पढ़ाई

बेलसड़ तिवारी टोला निवासी दिवंगत अवधेश कुमार तिवारी के पुत्र नृपेंद्र तिवारी ने बरौली के माधोपुर स्थित धरीक्षण प्रसाद उच्च विद्यालय से मैट्रिक और सिवान के डीएवी कालेज से इंटर व बीकाम करने के बाद दिल्ली में सीए की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के दौरान ही वे नई दिल्ली की एक कंपनी में कार्य करने लगे। इसी दौरान इन्हें दक्षिण अफ्रीका के कई देशों से बुलावा आया। उन्होंने नाइजीरिया और घाना सहित कई देशों की बड़ी कंपनियों में काम दिया। वर्ष 2016 में कुछ भारतीय साथियों के साथ इन्होंने टोगो में स्टील कंपनी की नींव डाली। अब नृपेंद्र तिवारी की पहचान टोगो के एक बड़े उद्यमी के रूप में होती है। उनकी इस उपलब्धि पर बेलसड़ के तिवारी टोला के लोगों में काफी खुशी है।