पटना (ब्यूरो)। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की खबर का बड़ा असर हुआ है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर के ऐतिहासिक गोलघर के एंट्री गेट के पास स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से स्मार्ट ई-टॉयलेट का निर्माण कराया जा रहा था। यह टॉयलेट बनने के बाद गोलघर की खूबसूरती पर धब्बा लगा रहा था। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने 24 जनवरी के अंक में 'गोलघर के एंट्री गेट पर स्मार्ट टॉयलेट करेगा वेलकमÓ हेडिंग से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने तत्काल प्रभाव से टॉयलेट निर्माण को रोक दिया है। वहां काम कर रहे है कर्मचारी वहां से चले गए।

फोन पर दी थी जानकारी
गोलघर के एंट्री गेट के पास टॉयलेट निर्माण की सूचना मिलने पर ऐतिहासिक धरोहर की सुंदरता कम न हो, इसके लिए सामाजिक सरोकार के तहत दैनिक जागरण आई नेक्स्ट ने फोन कर इसे रोकने के लिए स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों से अनुरोध किया था। अधिकारियों ने कहा कि सर्वे के आधार पर हमलोग टॉयलेट का निर्माण कर रहे। इसके लिए पूरी प्रक्रिया को अपनाया गया है। खबर छपने बाद इसे तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया।

देश-विदेश से आते हैं पर्यटक
गोलघर की खूबसूरती को देखने के लिए पटना ही नहीं देश-विदेश से पर्यटक देखने आते हैं। यहां आकर 145 सीढ़ी चढ़ते हैं। इसके ऊपर से गंगा का मनोहारी दृश्य के साथ पूरा पटना शहर दिखाई देता है। स्थानीय लोगों की माने तो टॉयलेट निर्माण को लेकर पर्यटकों के साथ आम पब्लिक में आक्रोश बढ़ रहा था। क्योंकि यहां पर पटना के लोकल लोग भी यहां आते हैं।


टॉयलेट निर्माण कार्य अभी रोक दिया गया है। काम करने वाले लोग भी यहां से चले गए हैं।
- अरविंद तिवारी, प्रभारी, गोलघर