पटना (ब्यूरो)। अगर आप पटना या मुजफ्फरपुर में रहते हैं और आपके घर में शादी विवाह जैसा शुभ कार्यक्रम होना है और बैंक्वेट हॉल या फिर कोई जगह नहीं मिल रहा है तो ऐसे हालत में बिहार राज्य पयर्टन विभाग ने नायाब पहल की है। अब आप ऐसे शुभ कार्य के लिए विभाग के होटल को बुक करा सकते हैं। यह जानकारी पर्यटन विभाग के मंत्री नारायण प्रसाद ने दी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अभी पटना व मुजफ्फरपुर में यह सेवा शुरू की गई है।

सुविधा के लिए पैकेज
मंत्री नारायण प्रसाद ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए तीन प्रकार के पैकेज भी लांच किए गए हैं। प्रत्येक पैकेज 24 घंटे के लिए मान्य होगा। लोग अपनी जरूरत के अनुसार पैकेज को पसंद कर बुकिंग करा सकते हैं। इसे ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरीके से कराया जा सकता है। ऑनलाइन के लिए विभाग के आधिकारिक वेबसाइट से बुकिंग हो सकती है जबकि ऑफलाइन के लिए होटल में आना होगा।

मिला है बेहतर रिस्पांस
मंत्री ने यह भी बताया कि इस पहल का बहुत बढिय़ा रिस्पांस मिला है। नवंबर माह में लगातार बुकिंग रही। करीब-करीब हर रोज होटल बुक रहा। उन्होंने कहा कि लोगों को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मिले, इसका पूरा ख्याल रखा गया है। होटल को रिनोवेट किया गया है। कई नयी अत्याधुनिक सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शादी में कई रस्में होती हैं। इसके लिए कांफ्रेंस हॉल है साथ ही वर-वधू को अलग से स्टे करने के लिए सुइट रूम भी उपलब्ध रहता है।

दे सकते हैं खाने का ऑर्डर
मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि जरूरत के अनुसार न केवल होटल बुक कराया जा सकता है बल्कि आने वाले मेहमानों व अन्य लोगों के लिए भोजन भी बुक कराया जा सकता है। इनमें वेज व नॉन वेज दोनों प्रकार के भोजन शामिल हैं। इसमें लोगों को अपनी पसंद के अनुसार भोजन को तय करना होगा। मेनू के अनुसार ही दाम तय होता है।

जल्द पूरे बिहार में
मंत्री ने बताया कि अभी यह सुविधा पटना के होटल कौटिल्य विहार तथा मुजफ्फरपुर के होटल लिच्छवी विहार में दी गई है। दोनों ही जगह बेहतर रिस्पांस है। विभाग के पूरे बिहार के कई जिलों में होटल हैं। इन सभी में जल्द ही इस सुविधा को शुरू किया जाएगा। इस पर कार्ययोजना बनाई जा रही है।

ये हैं पैकेज
पैकेज 1 : 75,520 रुपए (24 घंटे के लिए)
क्लब रूम - 14 (एसी), डीलक्स रूम - 6 व डोरमेट्री - 22 बेड
भोजन मेनू के अनुसार

पैकेज 2 : 41,300 रुपए (24 घंटे के लिए)
क्लब रूम - 10 (एसी), डोरमेट्री - 6 बेड
भोजन मेनू के अनुसार

पैकेज 3: 37,700 रुपए (24 घंटे के लिए)
क्लब रूम - 5, डीलक्स रूम - 5, डोरमेट्री - 16
भोजन मेनू के अनुसार