पटना (ब्यूरो)। गणतंत्र दिवस को खास बनाने के लिए पटना के खादी मॉल इस बार खास किस्म का तिरंगा लेकर आया है। खादी मॉल में 150 से लेकर सात हजार रुपये तक के तिरंगे बिक रहे हैं। खादी मॉल के अधिकारियों ने बताया कि स्कूल-कॉलेज, सरकारी कार्यालयों से लेकर अपार्टमेंट तक में रहने वाले लोग तिरंगे की खरीदारी कर रहे हैं। तिरंगे के कोने में ट्रिपल स्ट्रिप लगे होने के कारण तेज हवा में भी फटने के कम चांस है। इस वजह से पटनाइट्स इसे खासा पसंद कर रहे हैं। पढि़ए रिपोर्ट

कर्नाटक और महाराष्ट्र से मंगाया गया

खादी मॉल के कंसल्टेंट सैय्यद अमजद अब्बास ने बताया कि खादी मॉल में बिकने वाले तिरंगे बिहार खादी ग्रामोद्योग के अलावा महाराष्ट्र, कर्नाटक और मध्यप्रदेश के शहरों से मंगाए गए हंै। उन्होंने बताया कि तिरंगे का जो मानक है उसे हर कोई पूरा नहीं करता है। सरकार द्वारा चयनित संस्था से ही तिरंगा मंगाया जाता है। 6 गुने 9 फीट का तिरंगा जिसकी कीमत सात हजार रुपये है उसे मध्यप्रदेश के ग्वालियर से मंगाया गया है। इस तिरंगे को बहुमंजिला अपार्टमेंट के लोग ज्यादा पसंद कर रहे हैं। जिस अपार्टमेंट में यह फहराया जाएगा उसके आसपास के किसी भी इलाके से इसे देख सकते हैं।

ट्रिपल स्ट्रिप होने के चलते हैं खास

खादी मॉल के अधिकारियो ने बताया कि यहां बिकने वाला तिरंगा सभी मानक को पूरा करते हुए बनाया गया है। तिरंगे के कोने में ट्रिपल स्ट्रिप होने के चलते तेज हवा में भी तिरंगे पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कोने में ट्रिपल स्ट्रिप नहीं होने के चलते तेज हवा चलने पर तिरंगा फट जाता है। मगर यहां बिकने वाले सभी झंडों में ट्रिपल स्ट्रिप से युक्त है।

पहली बार आया टेबल स्टैंड तिरंगा

खादी के कपड़े से बने टेबल स्टैंड तिरंगे की भी खासी डिमांड पटनाइट्स के बीच है। अधिकारियो ने बताया कि कार्यालयों में इसे लोग गणतंत्र दिवस के दिन लगाएंगे। खादी से बना टेबल स्टैंड तिरंगा पहली बार आया है। इसकी कीमत 395 रुपयेतय की गई है।

खादी मॉल में बिकने वाला तिरंगा
1-6 बाई 9 - 7 हजार रुपए श्
2-2 बाइ 3 - 750 रुपए
3-2 बाइ 3 -814 रुपए
4-3 बाइ 3 -850 रुपए
5-कार फ्लैग -210 रुपए
6-टेबल स्टैंड फ्लैग -210 रुपए