पटना (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश के एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के बैंक खाते से 10 लाख रुपये उड़ाने वाले दो शातिरों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद और बिहार के झाझा की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में आकाटांड़ गांव निवासी रंजन कुमार को गिरफ्तार किया। रंजन की निशानदेही पर उसके दोस्त व ठगी के मास्टरमाइंड व दौलतपुर गांव निवासी अजय कुमार मंडल को भी पुलिस ने दबोच लिया। बताया गया कि उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के गंगानगर गजरौला निवासी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी मेघराज ङ्क्षसह के खाते से इन दोनों ने रुपये उड़ाए थे। इसकी जांच करते हुए मुरादाबाद पुलिस की साइबर टीम जमुई पहुंची थी। बैंक खाते की पहचान कर टीम ने जमुई पुलिस के सहयोग से रंजन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। रंजन की निशानदेही पर अजय कुमार मंडल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान अजय ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए पुलिस को कुछ अन्य युवकों के नाम भी बताए। दोपहर में दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश कर पुलिस उन्हें लेकर मुरादाबाद रवाना हो गई। पुलिस के अनुसार अजय कुमार मंडल ने मेघराज ङ्क्षसह के मोबाइल पर फोन कर खुद को बैंककर्मी बताया था। उसने मेघराज ङ्क्षसह को खाते की केवाइसी (नो योर कस्टमर) कराने को कहा। अजय के झांसे में आकर मेघराज ङ्क्षसह वही सब करते गए, जो अजय उन्हें कहता गया। अजय ने उनके मोबाइल फोन पर योनो एप डाउनलोड कराया। आधार कार्ड नंबर और ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) भी ले लिया। इसके बाद अजय ने अपने सहयोगी रंजन कुमार के खाते पर आठ लाख रुपये से अधिक ट्रांसफर कर लिए। मंगरार निवासी विशाल कुमार के खाते पर भी उसने दो लाख रुपये ट्रांसफर किए थे। इस ठगी में मनोज मंडल और प्रकाश मंडल का नाम भी सामने आया है।