- आज मिलेंगी वैक्सीन की 5.77 लाख डोज

PATNA : राज्य में गुरुवार से टीकाकरण के अभियान में और तेजी आएगी। केंद्र सरकार की ओर से 29 जुलाई से चार अगस्त के बीच करीब 15.57 लाख डोज वैक्सीन मिलेगी। इस खेप में कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों की शामिल होंगी। केंद्र से खेप प्राप्त होते ही जिलावार इनका आवंटन कर दिया जाएगा।

आज शाम मिलेंगे 6 लाख डोज

स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार 29 जुलाई की देर शाम तक प्रदेश को कोविशील्ड की 4.25 लाख डोज मिलेंगी। इसके साथ ही कोवैक्सीन की 1.52 लाख डोज भी गुरुवार को ही बिहार को प्राप्त हो जाएंगी। इसके बाद एक अगस्त को कोविशील्ड की और 5.23 लाख डोज बिहार को मिलेंगी, जबकि चार अगस्त को कोवैक्सीन की बड़ी खेप मिलेगी। उस खेप में करीब 4.57 लाख डोज रहेंगी।

कमी से प्रभावित हो रहा अभियान

बता दें कि राज्य में टीकाकरण का महाभियान चल रहा है। अभियान के तहत प्रदेश में रोज औसतन तीन से साढ़े तीन लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य है, परंतु वैक्सीन की उपलब्धता में कमी आने की वजह से यह कार्य बीच-बीच में प्रभावित होता रहा है। हाल ही में स्वास्थ्य विभाग ने केंद्र सरकार को अपने लक्ष्य की जानकारी देकर अधिक से अधिक वैक्सीन की खेप की मांग की थी। केंद्र सरकार ने बिहार की मांग स्वीकार कर ली है।

931 केंद्रों पर करीब 1.16 लाख का टीकाकरण

प्रदेश में गुरुवार को पांच निजी अस्पतालों के टीका केंद्र समेत कुल 931 केंद्रों पर टीकाकरण का अभियान चलाया गया। कोविन पोर्टल के मुताबिक रात नौ बजे तक 1,15,822 लोगों का टीकाकरण किया गया। सर्वाधिक टीकाकरण पटना जिले में हुआ। यहां 36,027 लोगों को वैक्सीन की डोज मिली। पटना के अलावा अन्य प्रमुख जिले मुजफ्फरपुर में 7693, गया में 8645, भागलपुर में 1326 और पूर्णिया में 4205 का टीकाकरण हुआ। वैक्सीन उपलब्ध नहीं होने की वजह से चार जिले शेखपुरा, गोपालगंज, बेगूसराय और समस्तीपुर में टीकाकरण अभियान ठप रहा, जबकि पश्चिम चंपारण में मात्र सात लोगों का ही टीकाकरण किया जा सक। बता दें कि सूबे में अब तक 2.32 करोड़ लोगों को वैक्सीनेट किया गया है। 1.95 करोड़ को पहली, जबकि 36.62 लाख को दोनों डोज दी जा चुकी हैं।