- 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया राजधानी का पारा

PATNA :

प्रदेश में पूर्वा और पछुआ हवा के टकराव से प्रदेश का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। राजधानी के आसमान में बादल छाए होने के बावजूद वातावरण में उमस बनी रही। शहर में गर्म हवा बहने से लोग परेशान हैं। राजधानी में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक सेल्सियस रहा। राजधानी की हवा में नमी मात्र 30 फीसद रही।

गुरुवार को गया राज्य का सर्वाधिक गर्म स्थान रहा, जहां का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। उत्तरी बिहार में 16 एवं 17 अप्रैल को बारिश होने की उम्मीद है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार ने कहा कि राज्य का मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। कभी पूर्वा तो कभी पछुआ हवा बह रही है, जिससे प्रदेश के तापमान में काफी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। पूर्वा के दौरान वातावरण में उमस बढ़ जा रही है। वहीं, पछुआ चलने पर तापमान में काफी वृद्धि देखी जा रही है। पिछले दो दिनों से राजधानी का तापमान 40 से ऊपर रह रहा था। हालांकि, गुरुवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई।