- कई जगहों पर तैयार होगा मौर्यालोक जैसा पार्क

PATNA :

पटना की सुंदरता में चार चांद लगाने के लिए शहर में वेस्ट मैटेरियल से वंडरफुल पार्क तैयार किया जा रहा है। पटना नगर निगम मुख्यालय और शहर के लोकप्रिय हैंगआउट जोन मौर्य लोक में वेस्ट टू वंडर थीम पर चिल्ड्रेन पार्क तैयार किया जा रहा है। इस पार्क में लगाए जा रहे सभी झूले पुराने टायर से बनाए जा रहे हैं। वहीं बैठने के लिए बेंच आदि का निर्माण बेकार ड्रम एवं लोहे से हो रहा है। कबाड़ की चीजों के रेनोवेशन एवं साज-सज्जा के बाद शीघ्र पटनावासियों को विशेष पार्क का तोहफा मिलेगा। साथ ही परिसर में एक गार्डेन लाइब्रेरी भी तैयार की जा रही है, जहां लोग खुले एवं शांत माहौल में चाय के साथ किताबों का लुत्फ उठा सकेंगे। उल्लेखनीय है कि इस गार्डेन लाइब्रेरी में भी अलमारी से लेकर कुर्सी टेबल तक कबाड़ की चीजों से ही तैयार किए जाएंगे।

कई जगहों पर तैयारी

वेस्ट टू वंडर पार्क न सिर्फ मौर्यालोक की शोभा बढ़ाएंगे बल्कि शहर के अन्य कई इलाकों में इसे बनाने के लिए नगर आयुक्त ने कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिया है। इसके लिए ऐसी चीजों का ही उपयोग किया जाएगा जो कि वेस्ट है। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि अगर जगह की समस्या हो तो सेल्फी प्वाइंट तैयार किए जाए लेकिन हर अंचल में वेस्ट टू वंडर प्रोजेक्ट नजर आना चाहिए।

कंकड़बाग में जल्द शुभारंभ

वार्ड संख्या 34 में पंच शिव मंदिर के पास अवस्थित पार्क को पटना नगर निगम द्वारा वेस्ट टू वंडर पार्क में तब्दील किया जा रहा है। इस पार्क में कैफे-सह-लाइब्रेरी की भी व्यवस्था की जाएगी। साथ ही झूलों एवं फव्वारों से पूरे क्षेत्र की फेसलिफ्टिंग की जाएगी। पार्क में शेड, बेंच, झूला, गमलों आदि को पुरानी, कबाड़ की चीजों से तैयार किया जाएगा। महीने भर के अंदर राजधानीवासियों को यह अनोखा पार्क उपलब्ध हो जाएगा।

पाटलिपुत्र में सेल्फी प्वाइंट

श्री कृष्ण पुरी अवस्थित पाटलुपत्र अंचल कार्यालय परिसर में वेस्ट आइटम से सेल्फी प्वॉइंट बनाया जा रहा है। साथ ही चीना कोठी एवं छज्जुबाग बस्ती के सभी कूड़ा प्वाइंट पर बेकार टायर, ड्रम आदि से गमले तैयार कर पौधे लगाए जाएंगे।

अजीमाबाद

गाय घाट रैन बसेरा में पुरानी चीजों को रेनोवेट कर गमलों के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। विशेष रंग-बिरंगे गमलों में लगे पौधों से पूरे परिसर की खूबसूरती में चार चांद लग गए हैं। साथ ही बैठने के लिए टायर से ही आरामदायक एवं खूबसूरत सीटर तैयार किए गए हैं।