-बाजार समिति के पास महिलाओं की वीडियोग्राफी पर हुए विवाद में हुई वारदात

PATNA: आरा के नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति स्थित बीएसएनएल ऑफिस के समीप रविवार की देर रात शादी समारोह में जयमाल के दौरान एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। 45 वर्षीय उमेश कुमार सिंह उदवंतनगर थाना क्षेत्र के चौराई गांव निवासी इंद्रजीत सिंह का पुत्र था। अमर शहीद जगदेव प्रसाद ट्रस्ट सह शोध संस्थान के सचिव पर पद कार्यरत था। सीने में दो गोली मारी गई थी। उसके भाई कमलेश सिंह ने पांच के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस गिरफ्तारी में लगी है।

सीने में दाग दी दो गोली

पुलिस के अनुसार जयमाल के दौरान वीडियोग्राफी किए जाने दौरान विवाद की बात सामने आ रही है। उमेश सिंह अपने मामा धरहरा निवासी अभय सिंह के बेटे एवं अपने ममेरे भाई दीपू कुमार के नवादा थाना क्षेत्र के बाजार समिति स्थित शादी समारोह में गया था। मामा अभय सिंह ने बताया कि जब जयमाल का कार्यक्रम हो रहा था कि उसी दौरान वीडियोग्राफर महिलाओं की भीड़ में जाकर वीडियोग्राफी कर रहा था। लड़कों ने उसे मना किया तो उससे नोकझोंक हो गई। फिर कुछ देर बाद चार-पांच बदमाश हथियार लेकर आ धमके और उमेश सिंह को सीने में दो गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जा रहा था, तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इसकी सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।