-सवा करोड़ के बकाए पर काटी गई नगर निगम की बिजली

-म्योहाल डिवीजन के अफसरों की बड़ी कार्रवाई, कई अन्य के कनेक्शन कटे

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: प्रयागराज में घरेलू और सरकारी विभागों पर बिजली के बकाए के खिलाफ एक बार फिर कार्रवाई शुरू की गई है। लखनऊ मुख्यालय से मिले निर्देश के बाद मंगलवार को पावर कारपोरेशन के म्योहाल डिवीजन के अधिकारियों ने सिविल लाइंस एरिया में बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई की जद में नगर-निगम और पीडब्ल्यूडी जैसे सरकारी महकमे आए। वहीं एक लाख से अधिक बकाए वाले कई कंज्यूमर्स की बिजली भी काटी गई। वहीं कई बार नोटिस देने के बावजूद बिल का भुगतान न होने पर अफसरों ने सवा करोड़ के बकाएदार नगर निगम की लाइट काट दी।

इनके खिलाफ बड़ा एक्शन

1. नगर निगम: सवा करोड़ बकाया

-यहां पर 40-40 किलोवॉट का दो कनेक्शन हैं।

-इसी से मेयर व नगर आयुक्त सहित अन्य विभागों की आपूर्ति होती है।

-एक साल में तीन बार नोटिस देकर बकाया भुगतान को कहा गया था।

2. पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस: सात लाख बकाया

- 10 किलोवॉट का बिजली कनेक्शन, आठ महीने का बिल बकाया।

-सर्किट हाउस के पीछे ड्रमंड रोड पर पीडब्ल्यूडी का गेस्ट हाउस है।

3. राजकरन सिनेमा हॉल: बकाया 4.5 लाख रुपए

-सिविल लाइंस एरिया में सुभाष चौराहे के बगल में राजकरन सिनेमा हॉल है।

-यहां 35 किलोवॉट का कनेक्शन दिया गया है।

-यहां पर सात महीने का बिजली बिल बकाया है।

4. सरोजनी नायडू मार्ग: बकाया 12 लाख

-बिशप हाउस के अधीन सरोजनी नायडू मार्ग पर स्थित छह घरों का कनेक्शन काटा गया है।

-प्रत्येक घर में दो-दो किलोवॉट का कनेक्शन था और इनका बकाया बारह लाख रुपए था।

---------------

महत्वपूर्ण तथ्य

-म्योहाल डिवीजन के अधिशाषी अभियंता अनूप सिन्हा व सिविल लाइंस सब स्टेशन के एसडीओ के साथ विभागीय टीम ने मंगलवार को कनेक्शन काटने की कार्रवाई की।

-इस डिवीजन में सरकारी विभागों और घरेलू उपभोक्ताओं के ऊपर कुल बीस करोड़ का बकाया है।

-इसकी जानकारी मुख्य अभियंता व लखनऊ मुख्यालय को दी गई।

-मुख्यालय से निर्देश मिलने के बाद निरंतर कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया है।

--------------

वर्जन

नगर-निगम और पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर विभाग का लम्बा बकाया था। भुगतान को लेकर कई बार नोटिस दी जा चुकी थी। बकाया जमा नहीं करने पर मंगलवार को कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।

-अनूप सिन्हा, अधिशाषी अभियंता, म्योहाल डिवीजन

बकाएदारों के खिलाफ बड़े एक्शन की तैयारियां की गई हैं। तीस हजार से लेकर एक करोड़ के बकाएदारों की लिस्ट बनाई जा रही है। दो-तीन दिन में लिस्ट के अनुसार सरकारी विभागों व घरेलू उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटा जाएगा।

-राकेश कुमार वर्मा, एसडीओ सिविल लाइंस सब स्टेशन