RANCHI: आज 'फॉच्र्यून रिफाइंड सोयाबीन ऑयल' प्रेजेंट्स 'एवन साइकिल्स' बाइकथॉन सीजन-11 का इंतजार खत्म हो गया है। सुबह छह बजे मोरहाबादी मैदान में साइक्लिंग के दीवाने जुटेंगे। अगर आपने भी रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो आज ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराने का मौका है। मोरहाबादी मैदान से साइक्लिंग के दीवानों का कारवां निकलेगा, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे।

बच्चों से लेकर सीनियर सिटीजंस तक

इस रैली को लेकर पूरे साल साइक्लिंग के दीवानों को इंतजार रहता है। जिसमें हर उम्र के लोग शामिल होते हैं। आज इसी जज्बे के साथ सभी एक साथ मोरहाबादी मैदान से यूनिवर्सिटी गेट तक साइकिल चलाते हुए जाएंगे और उसी रूट से वापस लौट कर सिटी के लोगों को स्वस्थ रहने के लिए साइकिल चलाने की अहमियत बताएंगे।

सुबह छह बजे से बांटे जाएंगे किट

मोरहाबादी मैदान में गांधी स्मृति उद्यान के ठीक सामने से रैली की शुरुआत होगी। इससे पहले सुबह छह बजे से ही किट बांटे जाएंगे, जहां आपको अपना किट कूप देना होगा। इसके बाद आपको किट दे दिया जाएगा। इसमें टीशर्ट, कैप व रिफ्रेशमेंट भी शामिल होगा।

गवर्नर करेंगी फ्लैग ऑफ

बाइकथॉन सीजन-11 की चीफ गेस्ट गवर्नर द्रौपदी मुर्मू होंगी। वह रैली को हरी झंडी दिखाकर फ्लैग ऑफ करेंगी। जहां हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे। वहीं गवर्नर का हेल्थ से जुड़े संदेश सुनने का मौका मिलेगा। स्पेशल गेस्ट के रूप में रांची की मेयर आशा लकड़ा, खनन एवं भू-तत्व विभाग के सचिव अबु बकर सिद्दीकी, स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन के सीईओ अमित कुमार, रांची के एसएसपी अनिश गुप्ता, आईजी प्रीजन शशि रंजन, रांची डीडीसी अनन्या मित्तल और रांची एसडीओ लोकेश मिश्रा मौजूद रहेंगे।

कई अट्रैक्टिव प्राइज जीतने का मौका

रैली के लौटने के बाद रजिस्ट्रेशन कराने वालों के लिए लकी ड्रॉ होगा, जहां ड्रॉ के माध्यम से कई आकर्षक ईनाम भी दिए जाएंगे। इसमें गोल्ड मेडल इलेक्ट्रिक प्राइवेट लिमिटेड की ओर से बाइकथॉन में शामिल प्रतिभागियों को लकी ड्रॉ के माध्यम से हेलमेट जीतने का मौका मिलेगा। वहीं लकी ड्रा के विनर्स को क्रांप्टन ग्रीव्स की ओर से गिफ्ट हैंपर दिए जाएंगे।

स्ट्रीट डांस, बैंड डिसप्ले और सेल्फ डिफेंस

इवेंट के दौरान विभिन्न डांस ग्रुप की ओर से आकर्षक स्ट्रीट डांस पेश किया जाएगा। स्कूल बैंड की धुन पर लोगों को आकर्षक म्यूजिक का मजा भी मिलेगा। इसके अलावा सेल्फ डिफेंस की टेक्निक बताई जाएगी। वहीं जिगित्जा हेल्थ केयर लिमिटेड की ओर से हार्ट अटैक की स्थिति में क्या करें यह जानकारी दी जाएगी। जिससे कि इमरजेंसी में हार्ट अटैक आने पर मरीजों की जान बचाई जा सकेगी।

56 साल के यूथ भी चलाएंगे साइकिल

बाइकथॉन सीजन-11 का इंतजार जहां छोटे बच्चों को होता है। वहीं 56 साल के एक यूथ भी हैं जो इसका इंतजार करते हैं। हम बात कर रहे है कोकर में रहने वाले जीवीएस शास्त्री की, जो हर साल दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की इस रैली में साइकिल चलाते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि उनके अंदर साइक्लिंग की कैसी दीवानगी है। वह कई सालों से इस इवेंट में पार्टिसिपेट कर रहे हैं।