RANCHI: राजधानी में सफाई व्यवस्था का हाल बुरा है। एक तरफ पब्लिक सुधरने को तैयार नहीं है। दूसरी ओर नगर निगम बेपरवाह बना हुआ है। लेकिन पब्लिक और नगर निगम के चक्कर में सिटी में कचरे का ढेर जमा हो रहा है। इतना ही नहीं, इस गंदगी के कारण बाहरी लोगों के सामने अपनी सिटी की इमेज भी खराब हो रही है। इसके बावजूद पब्लिक अपनी आदत बदलने को तैयार नहीं है और न ही नगर निगम काम की शैली बदल रहा है।

लालपुर थाना के सामने

सिटी के वीआईपी इलाकों में गिनती लालपुर की होती है। वहीं बिजनेस का एक बड़ा हब भी बन गया है। ऐसे में कचरा निकलना तो लाजिमी है। लेकिन दुकानदार और अपार्टमेंट वाले अपनी आदत से मजबूर हैं। अपने घर और दुकान का कचरा सीधे रोड पर निकाल देते हैं। नगर निगम ने भी इस इलाके से डस्टबिन हटा दिया है।

करमटोली चौक

यहां का इलाका भी बिजी है, जहां पर हर तरह के लोग हैं। उस जगह पर कचरे का डस्टबिन भी लगाया गया था। कुछ दिनों बाद डस्टबिन गायब हो गया। नगर निगम ने डस्टबिन भी दोबारा नहीं लगाया। वहीं लोग अपनी आदत बदलने को तैयार नहीं है। कचरा डालकर निकल जाते हैं।

बरियातू हाउसिंग

वीआईपी के साथ ही मिडिल क्लास के लोग भी रहते हैं, जो एक दिन भी अपने घर को गंदा नहीं देख सकते। लेकिन कचरा निकालकर शहर को गंदा करने में कोई कसर भी नहीं छोड़ते। कचरा रेगुलर जमा होता है, इसके बावजूद निगम वहां डस्टबिन लगाने को तैयार नहीं है।