- बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम

- पुलिस ने दौड़ाया तो बाइक छोड़कर भागे हमलावर

बरेली : स्कूटी से घर लौट रही भाजपा नेत्री को दो बाइक सवार बदमाशों ने दिनदहाड़े गाली मार दी। इससे इलाके में हड़कम्प मच गया। जब पुलिस ने उनके पीछे दौड़ी तब हमलावर हड़बड़ाहट में अपनी बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। पुलिस घायल भाजपा नेत्री को सीएचसी लेकर पहुंची। मगर हालत नाजुक होता देख डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया। उसके बाद परिजनों ने उन्हे भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी, एसपी देहात और एसपी क्राइम हॉस्पिटल पहुंचे और भाजपा नेत्री के परिजनों से जानकारी ली। देर शाम तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।

पीठ पर मारी गोली

बहेड़ी निवासी संतोष भारती भाजपा नेत्री व पूर्व जिला पंचायत सदस्य हैं। वर्तमान में वह गरीबपुरा की ग्राम प्रधान हैं। वेडनसडे को वह किसी काम से स्कूटी लेकर बहेड़ी आई थी। वहां से कामकाज निपटाकर वह अपने घर लौट रही थी। नदेली रोड पर जाजू नागर मोहल्ले के पास पीछे से एक बाइक उनकी स्कूटी के पास आ गई। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने तमंचा निकालकर उसकी पीठ पर गोली मार दी। गोली लगते ही वह स्कूटी सहित सड़क पर गिर पड़ीं। उसके बाद बदमाशों ने बाइक रोककर उन पर एक और फायर झोंक दिया।

बाइक छोड़कर भागे हमलावर

कुछ दूरी पर खड़ी पीआरवी में सवार पुलिसकर्मियों को गोली चलने की आवाज सुनाई पड़ी, तो वह घटनास्थल की तरफ दौड़े। पुलिस को आता देख हमलावर अपनी बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने कुछ दूरी तक हमलावरों का पीछा किया मगर वह हाथ नहीं लगे। फिर पुलिस लहुलुहान भाजपा नेता को सीएचसी लेकर गई। जहां नाजुक हालत बताते हुए उन्हें भोजीपुरा के मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया।

-----------

विवादों से भी रहा है नाता

संतोष भारती ने 2012 के विधानसभा चुनाव अमर सिंह की पार्टी के टिकट पर लड़ा था। उनका विवादों से नाता भी पुराना है। सख्त रवैये के कारण वह हमेशा चर्चित रहीं। बसपा की सरकार के रहते वे बसपा में रहीं। सत्ता परिवर्तन के बाद वह सपा नेताओं की करीबी रहीं। बीते विधानसभा चुनाव में भाजपा की तरफ आ गई। उनका चेयरमैन पति नसीम अहमद से थाने में विवाद भी हुआ था। इसके अलावा जमीन के कई मामलों में उनका कई लोगों से विवाद रहा।