साथ में मौजूद नौकर भी पिटा, पुलिस ने मौके पर पहुंच बचाई जान

मऊआइमा थाने में दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट

ALLAHABAD: शादीशुदा नेताजी को माशूका से मिलने की इतनी बेचैनी हुई कि वह बुर्का पहन मोहर्रम की मजलिस में पहुंच गए। लेकिन भीड़ में उनकी कारस्तानी छिप न सकी। गुस्साई भीड़ ने नेता जी को पेड़ में बांधकर उनकी जमकर धुनाई कर दी। इस दौरान नेताजी की जी हजूरी करने पहुंचे कारिंदे को भी भीड़ के कोप का भाजन बनना पड़ा। भला हो पुलिस वालों का कि उन्होंने तत्परता दिखाते हुए सूजबूझ से दोनों की जान बचायी और अस्पताल भेजवाया। घटना गंगापार के मऊआइमा थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज की है।

महिला के शोर पर हुआ हंगामा

मऊआइमा थाना क्षेत्र के मानी उमरपुर गांव में शनिवार की रात लगभग 11 बजे इमामबाड़े पर मोहर्रम की मजलिस चल रही थी। मजलिस में एक तरफ महिलाएं बैठी थीं और दूसरी ओर पुरुष थे। अचानक एक महिला चीख पड़ी। उसकी चीख सुन लोग उधर दौड़े तो बुर्का पहने बैठी एक महिला भागने लगी, उसके साथ एक पुरुष भी था। दोनों को भागते देख लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। जब महिला का बुर्का हटाया गया तो अंदर पुरुष का चेहरा देख लोग भड़क गए।

बुर्के में थे नेताजी और उनका नौकर

बुर्के के अंदर मऊआइमा वार्ड 40 की जिला पंचायत सदस्य शिप्रा यादव के पति भाजपा और विहिप के नेता अभिषेक यादव थे। उनके साथ भाग रहा युवक उनका नौकर आतिफ बताया गया। गांव के लोगों ने दोनों को पकड़ कर पेड़ से बांध दिया और चापड़-राड से धुनाई शुरू कर दी। इस बीच किसी ने मामले की जानकारी पुलिस को दे दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गयी। लेकिन इसके बाद भी लोग दोनों को छोड़ने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने सूजबूझ का परिचय देते हुए दोनों को भीड़ से छुड़ाया और हॉस्पिटल पहुंचाया।

नेता जी ने क्या कहा

शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती भाजपा नेता अभिषेक ने आईनेक्स्ट को बताया कि वह अपने दोस्त आतिफ के साथ पड़ोस के गांव में स्थापित दुर्गा पंडाल में जा रहे थे। मजलिस के पास रोड पर गडढा था, जिसमें बाइक का पहिया पड़ने से कीचड़ उछल गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़कर पीटना शुरू कर दिया। वे लोग भागकर एक घर में घुसे और वहां मौजूद उम्रदराज महिला से जान बचाने की गुहार की। महिला ने उन्हें एक काला कपड़ा दिया, जिसे पहनकर वे छिपने का प्रयास कर रहे थे तभी उन्हें फिर पकड़ लिया गया।

बड़े भाई ने दी थाने में तहरीर

अभिषेक के भाई वीरसेन यादव पुत्र इंद्र बहादुर यादव ने मऊआइमा थाने में दी तहरीर दी। उसने भाई पर लाठी-डंडों सरिया हमला करने, विरोध पर तमंचे से फायर करने व 14 हजार नकद, सोने की चेन व तीन मोबाइल लूट लेने का आरोप लगाया। यह भी कहा कि घायल अभिषेक को जबरन बुर्का पहनाकर फोटो खींच ली। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ग्राम प्रधान सन्ने व महताब पुत्रगण मोबीन, अमरूल पुत्र फारूक, मन्सैया उर्फ गुडडू पुत्र अफजल हुसैन, मूसा पुत्र अकबर अली, वाहिद पुत्र आबिद तथा आठ दस अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

दूसरे पक्ष की ओर से मुकीमुददीन पुत्र निजामुददीन ने तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भाजपा व विहिप के नेता अभिषेक यादव बुर्का पहनकर मोहर्रम की मजलिस में पहुंचे और वहां बैठी महिलाओं से छेड़खानी कर रहे थे। एक अन्य युवक के साथ पहुंचे भाजपा नेता अपनी इस हरकत से दंगा फैलाने की साजिश कर रहे थे। उन्हें बुर्का पहने हुए मजलिस में पकड़ा गया। यह देख कर वहां मौजूद लोग भड़क गए और उनकी पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने अभिषेक यादव व एक अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है।

दो पक्षों ने थाने में एक दूसरे के खिलाफ लिखित तहरीर दी है। दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

सतेन्द्र सिंह एसओ मऊआइमा