- क्षेत्रीय अध्यक्ष व महामंत्री की जुगत लगा रहे नेता

- पुरानों के अलावा नए चेहरों को मिल सकती है तवज्जो

Meerut: पूर्वी उत्तर प्रदेश से बीजेपी का नया अध्यक्ष बनने के बाद अब हाईकमान वेस्ट यूपी को साधने की जुगत में लग गया है। सूत्रों का दावा है कि वेस्ट से कई कार्यकर्ताओं को प्रदेश टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना है। क्योंकि लखनऊ की कुर्सी का रास्ता वेस्ट यूपी से ही होकर जाता है। इसके लिए मेरठ सहित वेस्ट के कई जिलों से प्रदेश कार्यालय में विभिन्न पदों के लिए बायोडाटा पहुंच रहे हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष कर चुके हैं घोषणा

24 अप्रैल को लोनी में हुई रैली में स्वयं बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने वेस्ट को टीम में खास तवज्जों देने की मंच से घोषणा की है। जिसके बाद से लक्ष्मीकांत वाजपेयी टीम में शामिल नेताओं व कई नए चेहरों से पार्टी हाईकमान ने सम्पर्क भी साधा है।

वेस्ट से अहम नाम

प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक कटारिया, प्रदेश मंत्री अश्वनी त्यागी, रामप्रताप सिंह, डॉ। विरेश्वर त्यागी, पवन गोयल को टीम में मुख्य स्थान मिलने की संभावना है।

दो पदों पर दौड़

राजनीतिक पंडितों का मानना है कि ज्यादातर लड़ाई प्रदेश महामंत्री व क्षेत्रीय अध्यक्ष के लिए है। वैसे भी इस बार पार्टी संविधान में संसोधन करते हुए 8 के स्थान पर अब 6 क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाएं जाएंगे। फैसले के बाद नेताओं ने क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने की ज्यादा इच्छा जाहिर की है।

कार्यकारिणी घोषित करने को लेकर अभी मंथन चल रहा है। वेस्ट को टीम में उचित स्थान दिया जाएगा। इससे ज्यादा अभी कुछ नहीं कहा जा सकता।

केशव प्रसाद मार्य, प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी यूपी