- रुड़की में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का किया वेलकम

- कार्यकर्ताओं को दी नसीहत, पार्टी में नहीं चलेगी गुटबाजी

ROORKEE: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत शुक्रवार को रुड़की पहुंचे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं द्वारा उनका वेलकम किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में अब से पहले क्या होता आया है, यह जानने की उन्हें जरूरत नहीं है, न ही इस पर चर्चा होगी। किसी भी तरह की गुटबाजी अब पार्टी में नहीं चलेगी। सबको कार्यकर्ता बनकर काम करना होगा।

कार्यकर्ता बनकर करें काम

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद शुक्रवार को पहली बार रुड़की पहुंचे बंशीधर भगत का भगवानपुर, रामपुर चुंगी, मालवीय चौक पर स्वागत किया गया। नगर विधायक प्रदीप बत्रा और झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के कैंप कार्यालय पर आयोजित सभा में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा एक बहुत बड़ा परिवार है। प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना है। पार्टी के अंदर पहले क्या होता रहा है, कौन किस गुट का है, किसे क्या दायित्व मिलेगा, किसे नहीं, इन बातों में नहीं पड़ना है। प्रदेश अध्यक्ष हो या अन्य पदाधिकारी सभी को कार्यकर्ता बनकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि 2022 को ध्यान में रखते हुए जुट जाना है। चेताया कि सभी कार्यकर्ताओं को मतभेद छोड़ना होगा। इस मौके पर नगर विधायक प्रदीप बत्रा, झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष मयंक गुप्ता, डॉ। गौरव चौधरी, दायित्वधारी डॉ। कल्पना सैनी, शोभाराम प्रजापति, डीसीबी चेयरमैन प्रदीप चौधरी आदि मौजूद रहे।

अनुशासन में रहने की दी नसीहत

कार्यक्रम के दौरान अनुशासन तार-तार हुआ। कई जगह तो प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने के दौरान धक्का-मुक्की तक हो गई। एक बार तो प्रदेश अध्यक्ष को भी गुस्सा आ गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अनुशासन में रहने की नसीहत दी। इसके अलावा कार्यकर्ताओं ने जमकर यातायात नियमों का उल्लंघन किया। बाइकों के साइलेंसर उतारकर कार्यकर्ता बाइक दौड़ाते नजर आए। एक-एक बाइक पर चार-चार कार्यकर्ता बैठे थे। वहीं आजाद नगर चौक के समीप तो कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट तक हो गई। इस दौरान जाम के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।