- 2017 में पूर्ण बहुमत से भाजपा बनाएगी सरकार

- अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार गोरखपुर आए केशव प्रसाद

GORAKHPUR: भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और इन्हीं कार्यकर्ताओं के बल पर 2014 लोकसभा चुनाव में पार्टी को प्रदेश में 70 सीटें मिली है। यही कार्यकर्ता अब 2017 में भाजपा को पूर्ण बहुमत से प्रदेश में लाएंगे। तब जाकर प्रदेश में भाजपा का वनवास समाप्त होगा। यह बातें रविवार को पहली बार गोरखपुर आए भाजपा के नवागत प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कही। उन्होंने कहा कि जिस तरह से गोरखपुर के कार्यकर्ताओं ने हमारा स्वागत किया है। उससे यह साबित हो गया है कि आने वाला समय भाजपा का ही है।

घडि़याली आंसू बहाते हैं माया-मुलायम

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि 2002 से लेकर 2016 तक प्रदेश में विकास के नाम पर एक भी ऐसी संरचना नहीं खड़ी हुई है, जो प्रदेश को आने वाले 50 साल तक गवाह बन सके। प्रदेश में मायावती और मुलायम सिंह यादव की जोड़ी लोगों को लूट रही है। दोनाें जब सत्ता से बाहर रहते हैं तो प्रदेश की जनता के सामने घडि़याली आंसू बहाकर एक-दूसरे को भ्रष्ट बताते हैं और कहते हैं कि सत्ता में आए तो जेल में होंगे, लेकिन हकीकत सबको पता है। इस मौके पर सदर सांसद योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा वैचारिक पार्टी है और इसके कार्यकर्ता भी जनता के बीच अपने विचार लेकर जाते हैं। इसी विचार के बल पर केंद्र में भाजपा की सरकार है और देश विकास कर रहा है। स्वागत सम्मेलन को प्रदेश उपाध्यक्ष शिव प्रताप शुक्ल ने भी संबोधित किया।

संगठनों ने किया स्वागत व सौंपे ज्ञापन

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के आगमन पर जगह-जगह संगठनों व पार्टी नेताओं ने भव्य स्वागत किया। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के छात्रसंघ महामंत्री नीरज शाही व पूर्व उपाध्यक्ष बंधु उपेंद्रनाथ सिंह के नेतृत्व में यूनिवर्सिटी गेट पर माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर पंकज राय, पंकज तिवारी, आकाश राय सहित कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। वहीं पूर्व माध्यमिक अनुदेशक कल्याण समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों ने मानदेश वृद्धि के मुद्दे पर समर्थन मांगने के लिए ज्ञापन सौंपा। इस दौरान राकेश पटेल, बाल मुकुंद, भारत भूषण व विनोद कुमार उपस्थित रहे।