भुवनेश्वर (एएनआई)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुभाष पाणिग्रही ने शुक्रवार को ओडिशा विधानसभा में सैनेटाइजर का सेवन किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक पाणिग्रही ने जैसे ही सैनेटाइजर पीना शुरू किया विधानसभा में हड़कंप मच गया। उनके करीब बैठे विधायकों ने उन्हें रोका और उनका उपचार किया गया। विधायक ने कहा कि उन्होंने राज्य में धान खरीद से संबंधित समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान यह कदम उठाया है।

2 लाख क्विंटल से अधिक धान पड़ा हुआ
विधायक सुभाष पाणिग्रही ने सत्र के बाद न्यूज एजेंसी एएनआई को अपने इस कदम के बारे में बताया कि देवगढ़ क्षेत्र में धान की खरीद नहीं हो रही है। 2 लाख क्विंटल से अधिक धान पड़ा हुआ है। सरकार इस दिशा में ध्यान नहीं दे रही है। ओडिशा विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी को शुरू हुआ और 9 अप्रैल तक दो चरणों में जारी रहेगा। अगला सत्र 11 मार्च से शुरू होकर 31 मार्च तक चलेगा। राज्य का बजट 22 फरवरी को पेश किया गया था।

National News inextlive from India News Desk