चार सेशनों में पार्टी, संगठन और विस्तारकों से होंगे रूबरू

मुख्यमंत्री दोनों उपमुख्यमंत्री भी रहेंगे आगरा में मौजूद

आगरा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पांच जुलाई को चार सेशनों में पार्टी संगठन, विस्तारक और प्रबुद्धजनों के साथ रूबरू होंगे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश को वे आगरा से ही लोकसभा चुनाव का संदेश देंगे। इसके साथ ही सांसदों का फीडबैक लेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों उप मुख्यमंत्री और प्रदेश संगठन मंत्री मौजूद रहेंगे।

होटल उत्कर्ष होंगे तीन कार्यक्रम

अमित शाह चार सेशन में पार्टी और संगठन के कार्यकर्ताओं से रूबरू होंगे। जिनमें से तीन कार्यक्रम होटल उत्कर्ष मिला में आयोजित होंगे। ब्रज, पश्चिम व कानपुर क्षेत्र के विस्तारक, ब्रज और पश्चिम के क्षेत्रीय संगठन के प्रमुख प्रदेश पदाधिकारी और आईटी की टीम के साथ बैठक करेंगे। उनके साथ पार्टी की स्थिति से लेकर सांसद विधायक और संगठन का फीडबैक लेंगे। ये तीनों कार्यक्रम उनके अहम साबित होंगे। संगठन के पदाधिकारी और विस्तारकों की रिपोर्ट सांसद और विधायकों की दशा और दिशा तय करेगी। उनका फोकस संगठन की मजबूती के साथ ही वर्तमान सांसदों की फीडबैक पर रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में संगठन को और कैसे मजबूत किया जाए, इसपर विस्तार से चर्चा रहेगी, जिससे वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में अच्छे परिणाम आ सकें। इसके साथ ही लोकसभा के जो दावेदार हैं, वे भी अपनी दावेदारी के लिए आतुर हैं। विधायक चौधरी उदयभान सिंह ने फतेहपुरसीकरी लोकसभा से अभी से अपनी दावेदारी शुरू कर दी है। उन्होंने तो यहां तक कह दिया है कि अभी नहीं तो कभी नहीं।

एक कार्यक्रम होगा सूरसदन में

प्रबुद्धजनों के साथ शाम को एक कार्यक्रम रखा गया है। जिसमें दो हजार प्रबुद्धनों को बुलाया गया है। सूरसदन की दो हजार से कम क्षमता होने के कारण बाहर वाटरप्रूफ टैंक लगाए जाने की व्यवस्था की गई है, जिसमें एलईडी भी लगाई जाएगी, जिससे सूरसदन के अंदर होने वाले कार्यक्रम को देखा और सुना जा सके।

नेताओं को सौंपी जिम्मेदारी

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के कार्यक्रम को लेकर पार्टी में जोरशोर से तैयारी चल रही है। नेता से लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। किसी को सूरसदन की जिम्मेदारी सौंपी गई है तो किसी को निमंत्रण पत्र देने की। किसी को कार्यक्रम की तो किसी को कोई और।

सीएम योगी करेंगे अगवानी

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की अगवानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इस दौरान उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।

भगवामय होगा सूरसदन

सूरसदन को भगवामय रूप दिया जा रहा है। उसकी सजावट के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्य द्वार के पास काफी बड़ा कमल का फूल लगाया जाएगा।