राहुल पर भाजपा का करारा वार

भाजपा ने शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को भारतीय राजनीति का ‘बिगड़ैल बच्चा’ नाम देकर मजाक उड़ाया। पार्टी ने कहा कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी ‘पूरी तरह गैरजिम्मेवार’ हो गई है। भाजपा प्रवक्ता एमजे अकबर ने  कहा, ‘चाहे कांग्रेस सत्ता में है या विपक्ष में हमें गैरजिम्मेवारी ही दिखाई देती है। कर्नाटक में कांग्रेस सत्ता में है और दिल्ली में यह विपक्ष में है। राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी पूरी तरह गैर जिम्मेदारी वाला व्यवहार करती है।’ उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी भारतीय राजनीति के बिगड़ैल बच्चा हैं। उन्हें सच्चाई का कोई ज्ञान नहीं, उन्हें कोई अनुभव नहीं है।’ कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए अकबर ने कहा कि विदेश यात्रा के मुद्दे पर ऐसा जाल बुना जिसका कभी अस्तित्व था ही नहीं।

कांग्रेस ने किया बचाव

वहीं कांग्रेस ने पार्टी के भीतर नए प्रदेश प्रमुखों और वरिष्ठों के बीच टकराव पैदा होने से इंकार करते हुए कहा है कि वह खींचतान में विश्वास नहीं करती है। कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी अपने वरिष्ठ नेताओं को अनिवार्य अवकाश पर भेजने और उन्हें मार्गदर्शक मंडल में रखने में भरोसा नहीं रखती है। कांग्रेस ने नए पीसीसी प्रमुखों के बीच टकराव की खबरों को खारिज किया। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी और पुराने खिलाडिय़ों ने टकराव पैदा किया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला मुंबई कांग्रेस प्रमुख संजय निरुपम की शिकायत पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। निरुपम ने शिकायत की थी कि नए प्रदेश अध्यक्ष पुराने लोगों से कन्नी काट रहे हैं।

inextlive from India News Desk

National News inextlive from India News Desk