काशी प्रांत प्रशिक्षण वर्ग के दौरान मिली प्रदेश अध्यक्ष बनने की सूचना

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष और परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि सूबे में संगठन की मजबूती पर पूरा जोर होगा। सदस्यता अभियान लक्ष्य को धार देते हुए संगठन की विशाल सेना खड़ी की जाएगी। संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है उसका निर्वहन पूरी तन्मयता के साथ करेंगे। मंगलवार को पहडि़या में पार्टी के प्रशिक्षण वर्ग शिविर के बाद मीडिया से रूबरू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर कार्यकर्ता की बात गंभीरता से सुनने के साथ आम जनता की समस्याओं के निदान के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल स्थापित करने का भी प्रयास होगा।

नियुक्ति की सूचना, हुआ स्वागत

स्वतंत्रदेव सिंह को नई जिम्मेदारी दिए जाने की सूचना प्रशिक्षण वर्ग के दौरान मिली। इसके साथ ही वहां मौजूद काशी क्षेत्र के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने स्वागत और सम्मान का सिलसिला शुरू किया जो शाम को क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचने तक जारी रहा। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने नई जिम्मेदारी की घोषणा के पूर्व ही श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा का दर्शन-पूजन भी किया। काशी क्षेत्र अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मण आचार्य ने स्वागत व अभिनन्दन किया। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ। शिवनाथ यादव, महामंत्री सलिल विश्नोई सहित 15 जिलों के अध्यक्षों ने नवनियुक्त अध्यक्ष का माल्यार्पण किया।