औद्योगिक थाना क्षेत्र के तेंदुआवन बरामार्ग के पास झाड़ी में मिली लाश

मां ने सुशील पटेल के खिलाफ दर्ज कराई हत्या की रिपोर्ट

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: औद्योगिक थाना क्षेत्र के तेंदुआवन गांव बरामार्ग के समीप बदमाशों ने एक युवक की धारदार हथियार से हत्या कर लाश झाडि़यों में फेंक दिया। रविवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर लाश पर पड़ी, तो सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने आस-पास के थानों से सम्पर्क कर हत्या की जानकारी दी। मृतक की पहचान रंजीत केसरवानी निवासी एडीए कॉलोनी के रूप में हुई। पुलिस ने मां की तहरीर पर पूर्वासी निवासी सुशील पटेल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

रातभर होती रही खोजबीन

यमुनापार के नैनी थाना क्षेत्र के एडीए कॉलोनी का रंजीत कुमार केसरवानी पुत्र स्वर्गीय राजेश केसरवानी चाट की दुकान लगाता था। वह दो भाईयों में बड़ा था। घर में मां विमला देवी व पत्‍‌नी चांदनी है। रंजीत शनिवार की रात दुकान बंद करने के बाद देर रात तक घर नहीं पहुंचा तो उसकी खोजबीन शुरू हुई, लेकिन कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह रंजीत की लाश औद्योगिक थाना क्षेत्र के तेंदुआवन के बरामार्ग के निकट झाडि़यों में मिली।

शरीर पर घाव के निशान

जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक गांव वालों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। झाडि़यों के पीछे जाकर पुलिस ने देखा तो रंजीत के शरीर पर कई घाव के निशान थे। इससे लग रहा था कि हत्यारों ने उसे काफी बेरहमी से मारा है। पूछताछ में पता चला है कि नैनी के एक युवक का मृतक की पत्‍‌नी से प्रेम प्रसंग था। वह अक्सर उससे मिलता भी था।

पता चल गई थी प्रेम कहानी

दोनों की प्रेम कहानी रंजीत और उसके घर वालों को पता चल गई थी। इंस्पेक्टर का कहना है कि घटना के पीछे मृतक की पत्‍‌नी और एक युवक के बीच प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। मां की तहरीर पर आरोपित सुशील पटेल के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो पायी है। प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है। फिलहाल आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।

दीपेन्द्र चौधरी, एएसपी, यमुनापार