कानपुर। बुधवार को एक महिला वेटेनरी डाक्टर कोल्लुरु स्थित अपने पशु चिकित्सालय गई थीं। डॉक्टर ने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास ही पार्क कर दिया था। रात में जब वह वापस लौटी तो उनकी स्कूटी पंक्चर थी। इसके बाद उसने अपनी बहन को फोन किया और इसकी जानकारी दी। डॉक्टर ने अपनी बहन से कहा कि उन्हें डर लग रहा है, जिस पर बहन ने उन्हें टोल प्लाजा पर पहुंच कर कैब से घर आने के लिए कहा। जिस पर उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद वे कॉल करेंगी। इसके बाद से डॉक्टर का मोबाइल बंद हो गया। जब परिवार के लोगों ने शादनगर टोल प्लाजा के पास महिला डॉक्टर को ढूंढा, लेकिन वह नहीं मिलीं। बाद में सुबह शादनगर अंडरपास के पास उनकी जली हुई लाश बरामद हुई और खुलासा हुआ कि उनके साथ दुष्कर्म करके हत्या कर दी गई है। इसके बाद से पूरे देश में दुख और गुस्से की लहर दौड़ गई। बॉलीवुड में भी इस बाद को लेकर खासा रोष है।



सितारों का फूटा गुस्सा
इस हादसे पर अक्षय कुमार सहित कई बॉलीवुड सितारों ने ने ट्विटर पर अपनी तकलीफ और नाराजगी जाहिर की है। अक्षय ने लिखा- 'चाहें हैदराबाद की महिला पशु चिकित्सक हों, या फिर तमिलनाडु की महिला, या फिर रांची की लॉ छात्रा हों जिनका सामूहिक दुष्कर्म हुआ, एक समाज के तौर पर हम विफल हो चुके हैं। निर्भया सामूहिक दुष्कर्म को सात साल हो चुके हैं, मगर हमारी नैतिकता टुकड़ों में बंटती जा रही है। हमें सख्त से सख्त कानून की जरुरत है।



टीवी शो क्राइम पेट्रोल के होस्ट अनूप सोनी ने ट्विीट किया, 'हम ने फिर बेटी, बहन और दोस्त को खो दिया। जब तक सजा सख्त से सख्त नहीं होगी, हम नहीं सुधरेंगे।'



अभिनेत्री यामी गौतम ने घटना पर दुख प्रकट करते हुए कहा, हर तरफ गुस्सा, दुख और सदमा फैला हुआ है। लोगों के इतना जागरुक हो जाने के बाद भी ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। क्या ऐसी हरकतें करने वालों को कानून से डर नहीं लगता। हम एक समाज के तौर पर विफल रहे हैं।'



फरहान अख्तर ने कहा कि हम कितने असुरक्षित समाज में रह रहे हैं और ऐसे हादसों को रोकने के लिए कितने कड़े कानून बनाने होंगे। उन्होंने डॉक्टर के परिवार के दुख में शामिल होने की बात भी कही है।



शबाना आजमी ने भी ट्वीट करके हैदराबाद में हुई इस दर्दनाक घटना पर दुख प्रकट किया है



ऋचा चड्ढा ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कैसे उन "अपराधियों" ने "स्कूटी ठीक करने" का वादा करके दिवंगत पशु चिकित्सक को धोखा दिया। "उसका एकमात्र अपराध था कि उसने इन पुरुषों पर भरोसा किया जिन्होंने उसकी स्कूटी को ठीक करने का वादा किया था।

फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर ने भी इस जघन्य अपराध के लिए "कठोर दंड" की बात कही। उन्होंने ट्वीट किया, "मुझे डॉक्टर के खिलाफ अमानवीय अपराध के बारे में पढ़ने के बाद गहरी पीड़ा महसूस होती है। दोषियों को इस जघन्य अपराध के लिए सख्त सजा दी जानी चाहिए।"

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk