कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। देशभर के सिनेमाघरों के दोबारा खुलने के तुरंत बाद फिल्म निर्माताओं ने भी अपनी आने वाली फिल्मों की रिलीज की तारीखों का ऐलान करना शुरू कर दिया था। सूर्यवंशी से लेकर अंतिम तक कुछ बड़ी फिल्में सिनेमा हाॅल में रिलीज हुई और दर्शकों का अच्छा रिस्पांस मिला। साल के आखिरी महीने दिसंबर में कई बड़े बजट की फिल्में रिलीज हो रही हैं, जिनमें रणवीर सिंह की स्पोर्ट्स बायोग्राफिकल ड्रामा 83 और आयुष्मान खुराना की चंडीगढ़ करे आशिक शामिल हैं।

तड़प
अहान शेट्टी और तारा सुतारिया अभिनीत फिल्म 'तड़प' 3 दिसंबर को रिलीज हो रही है। यह फिल्म तेलुगु फिल्म 'आरएक्स 100' का हिंदी रीमेक है। यह मिलन लुथरिया द्वारा निर्देशित है और यह एक रोमांटिक एक्शन ड्रामा है। फिल्म 'तड़प' से अहान शेट्टी बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। वहीं तारा सुतारिया ग्लैमर का तड़का लगाने आ रही हैं। फिल्म का निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने किया है।

अतरंगी रे
अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'अतरंगी रे' भी इसी महीने आ रही है। आनंद एल राय द्वारा निर्देशित फिल्म 24 दिसंबर को विशेष रूप से डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर रिलीज हो रही है। फिल्म में अक्षय के अलावा धनुष और सारा अली खान भी नजर आएंगी। इसका ट्रेलर काफी पसंद किया गया था। फैंस फिल्म का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

चंडीगढ़ करे आशिकी
भूषण कुमार द्वारा निर्मित, इस रोमांटिक फिल्म में आयुष्मान खुराना और वाणी कपूर हैं। फिल्म एक फिटनेस फ्रीक (आयुष्मान) के बारे में है जो एक जुंबा ट्रेनर (वाणी कपूर) से मिलते हैं और प्यार में पड़ जाते हैं। इसका ट्रेलर काफी अलग है। अभिषेक कपूर द्वारा निर्देशित, भूषण कुमार और प्रज्ञा कपूर द्वारा निर्मित, यह फिल्म 10 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।

83
फिल्म 83' कपिल देव की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम की पहली विश्व कप जीत की कहानी है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा हार्डी संधू, ताहिर राज भसीन, जीवा, साकिब सलीम, पंकज त्रिपाठी और दीपिका पादुकोण भी हैं। यह फिल्म 24 दिसंबर 2021 को रिलीज होने वाली है। इसका ट्रेलर मंगलवार को रिलीज किया गया जिसे फैंस से काफी सराहना मिली।।

जर्सी
शाहिद कपूर की फिल्म 'जर्सी' साल के आखिरी दिन रिलीज होगी। अल्लू अरविंद द्वारा प्रस्तुत, अमन गिल द्वारा निर्मित और गौतम तिन्ननुरी द्वारा निर्देशित, 'जर्सी' में मृणाल ठाकुर और पंकज कपूर भी हैं और यह 31 दिसंबर को रिलीज होने वाली है। यह फिल्म उसी शीर्षक की उनकी 2019 की तेलुगु फिल्म की आधिकारिक हिंदी रीमेक है।

Bollywood News inextlive from Bollywood News Desk