नेशनल बुक फेयर में पहली बार आ रहे नेशनल बुक ट्रस्ट के छह स्टॉल

ALLAHABAD: इलाहाबाद में दस दिवसीय नेशनल बुक फेयर का आयोजन 12 फरवरी से आयोजित किया जाएगा। इस बार हमारी संस्था नालेज हब की ओर से अंतिम बार बुक फेयर आयोजित किया जा रहा है। इसलिए अंतिम आयोजन में देश भर के बड़े-बुजुर्गो, महिलाओं, छात्र-छात्राओं व छोटे-छोटे बच्चों की पसंद को देखकर तीस नामचीन प्रकाशकों का कुल 60 स्टॉल लगाया जाएगा। इसमें पहली बार नेशनल बुक ट्रस्ट भी अपनी पुस्तकों के साथ मौजूद रहेगा। उसे कुल छह स्टॉल एलॉट किये गये हैं। यह जानकारी शुक्रवार को नॉलेज हब के ओनर देवराज अरोरा ने पत्रकार वार्ता में दी।

कथाकार नीलकांत को साहित्य शिरोमणि सम्मान

नेशनल बुक फेयर के आयोजकों की ओर से प्रतिवर्ष साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए साहित्य शिरोमणि सम्मान दिया जाता है। आयोजकों में से एक डॉ। श्लेष गौतम ने बताया कि छठां साहित्य शिरोमणि सम्मान प्रख्यात कथाकार नील कांत को दिए जाने का निर्णय लिया गया है। उन्हें 18 फरवरी को आयोजित होने वाले समारोह में 11 हजार रुपए की नकद राशि, स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। पहला साहित्य शिरोमणि सम्मान स्व। दूधनाथ सिंह को दिया गया था। पिछले वर्ष यह सम्मान हिन्दुस्तानी एकेडेमी के कोषाध्यक्ष रविनंदन सिंह को प्रदान किया गया था। इस मौके पर उद्घोषक संजय पुरुषार्थी व डॉ। पीयूष दीक्षित भी मौजूद रहे।

युवाओं को मिलेगा मौका

युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए पहली बार नवांकुर काव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 35 वर्ष की आयु तक के रचनाकार प्रतिभाग कर सकते हैं। जिन्हें कविता पाठ करने का मौका दिया जाएगा। प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वालों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।

बुक फेयर की खासियत

12 फरवरी से लगने वाला नेशनल बुक फेयर प्रख्यात कथाकार स्व। दूधनाथ सिंह को समर्पित किया गया है।

शाम पांच बजे पत्थर गिरजाघर के सामने स्थित परिसर में बुक फेयर का उद्घाटन मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी करेंगी।

15 फरवरी को एक शाम अनवर जलालपुरी के नाम मुशायरे का आयोजन किया जाएगा

उल्लेखनीय कार्य करने वाले दस लोगों को 17 फरवरी को इलाहाबाद सेवा रत्‍‌न से सम्मानित किया जाएगा