फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर कर रही थी परेशान

बर्तन कारोबारी ने लड़की व उसकी मां के खिलाफ दर्ज कराया केस

ALLAHABAD: वह नानी के गांव आई थी। सुंदर थी। बात भी ठीक से करती थी। भा गई तो परिवार वालों ने शादी की बातचीत शुरू कर दी, लेकिन किन्हीं कारणों से बात बन नहीं सकी। फिर बर्तन कारोबारी का लड़का उसे भूल गया, लेकिन जब वह ब्लैकमेलर के रूप में सामने आई तो उसके होश उड़ गए। उसने सीधे शब्दों में दस लाख नहीं देने पर बदनाम कर देने की धमकी दी। अब मामला पुलिस के हाथ में है और वह जांच में जुटी है।

सगाई तक पहुंची थी बात

अतरसुइया निवासी कृष्ण कुमार सिंह की कोतवाली ठठेरी बाजार में बर्तन की दुकान है। बेटा शुभांकर भी वहां बैठता है। ठठेरी बाजार में ही छत्तीसगढ़ के बिलासपुर की एक महिला का मायका है। बीते साल उसकी बेटी ननिहाल आई। उसके ननिहाल वालों ने कृष्ण कुमार के बेटे से उसकी शादी की बात चलाई। सगाई आदि की बात भी होने लगी, लेकिन किन्ही कारणों से रिश्ता तय नहीं हो सका।

बनाई फर्जी फेसबुक आईडी

कृष्ण कुमार का आरोप है कि कुछ दिनों बाद शुभांकर को परी नामक फेसबुक आईडी से मैसेज आने शुरू हुए। शुभांकर ने रिप्लाई किया तो कुछ दिन बाद उससे अश्लील चित्र और वीडियो भी आने लगे। आरोप है कि अप्रैल 2017 में युवती ने शुभांकर को फोन किया और बताया की परी नाम की प्रोफाइल उसी की है। उसने धमकाया कि यदि 10 लाख रुपये नहीं दिया तो बदनाम कर दूंगी। डरे शुभांकर पिता को मामले की जानकारी दी और अपने स्तर से भी जानकारी जुटाई शुरू की। इस बीच कई बार युवती ने फोन कर धमकाया। अंतत: परेशान होकर कृष्ण कुमार ने पुलिस अधिकारियों से मामले की शिकायत की।

पहले से दोनों परिवार एक दूसरे से जुड़े रहे हैं। शादी को लेकर मनमुटाव हुआ है। मुकदमा दर्ज कर मामला साइबर सेल को जांच के लिए ट्रांसफर किया जा रहा है।

एसके तिवारी, विवेचक दरोगा, अतरसुइया थाना