- गली-मोहल्लों में कर रहे लगातार रेकी, पुलिस के गश्ती के दावे हवा

-लगातार हो रही घटनाओं के बाद भी नहीं चेत रही पुलिस

-स्पो‌र्ट्स कारोबारी के आवास पर हुई डकैती में पुलिस खाली हाथ

Meerut। शहर में आचार संहिता के बावजूद भी अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। क्राइम के एक नए ट्रेंड की ओर आई नेक्स्ट आपको सचेत कर रहा है। 1 जनवरी से अब तक शहर में हुई ये 3 बड़ी लूट की घटनाओं में एक बात कॉमन है, और वो है कि अपराधी शिकार ही हर गतिविधि पर नजर रखे थे। जैसे ही उसे मौका मिला, उसने हथियारों के बल पर तो कहीं खाली पड़े मकान में लूटपाट की। बेशक पीडि़त उनकी गतिविधियों को नहीं जानते थे किंतु वे उन्हें भलीभांति जानते हैं। उनके पास लूट के शिकार परिवार की हर छोटी-बड़ी जानकारी थी। पीडि़त चौकन्ने नहीं थे किंतु लुटेरे चौकस थे, जैसे ही मौका मिला। वारदात को अंजाम देकर वे फरार हो गए। रेकी कर एक ही तरीके की तीन बड़ी वारदातों में एक का खुलासा हुआ तो आरोपियों की मॉडस एपरेंडी की जानकारी मिली।

पॉश कॉलोनियां निशाने पर

गणपति प्रकाशन के कल्याण नगर स्थित निवास पर डाका डालने वाले आरोपियों ने पुलिस गिरफ्त में बताया कि वे लंबे समय से पीडि़त के घर की रेकी कर रहे थे। घर में कितने मेंबर हैं, उनकी क्या गतिविधियां हैं? सबकी आरोपियों को जानकारी थी। गंगानगर में शुक्रवार रात्रि स्पो‌र्ट्स कारोबारी के घर पडे़ डाके में भी डकैतों का वहीं ट्रेंड सामने आया। जैसे ही घर खाली हुआ डकैतों ने महज आधे घंटे में डकैती को अंजाम दे डाला। लुटेरों के निशाने पर पॉश कॉलोनियां हैं। नौचंदी लूटकांड में पकड़े गए समुदाय विशेष से जुड़े लुटेरों ने बताया कि वे पिछले 3 माह से शिकार पर नजर बनाए थे। नौचंदी ग्राउंड में क्रिकेट खेलने के बहाने वे आसपास से गुजरते थे और गतिविधियों की जानकारी रखते थे। शहर की पॉश कॉलोनियों में अराजकतत्वों का जमावड़ा आजकल साफ देखा जा सकता है।

पुलिस के हाथ खाली

शुक्रवार रात्रि गन प्वाइंट पर गंगानगर के मीनाक्षीपुरम में स्पो‌र्ट्स कारोबारी के घर हुई डकैती में पुलिस के हाथ खाली हैं। कारोबारी को गनप्वाइंट पर लेकर बदमाशों ने पूरे घर को खंगाल दिया। डकैतों की धरपकड़ के लिए पुलिस ताबड़तोड़ दबिश दे रही है किंतु हाथ खाली हैं।

---

पॉश कॉलोनियों में क्रिकेट खेलने के बहाने से अराजकतत्व चहलकदमी करते हैं। ये रेकी करते हैं और मौका पाकर वारदात को अंजाम देते हैं। पॉश कॉलोनियों में बेरीकेडिंग लगाकर चेकिंग के निर्देश दिए गए हैं।

-आलोक प्रियदर्शी, एसपी सिटी, मेरठ