पेरिस (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) ने 2024 के पेरिस ओलंपिक खेलों के लिए इवेंट प्रोग्राम और एथलीट कोटा में कुछ नए खेलों को जोड़ा है। इसमें ब्रेकडांसिंग शामिल है, यानी कि ब्रेक डांस करने वाले अब ओलंपिक में कंप्टीशन करते नजर आएंगे और मेडल जीतेंगे। इसके अलावा स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फिंग को भी प्रतिस्पर्धी खेल में शामिल करने की पुष्टि की गई है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, पेरिस 2024 आयोजन समिति द्वारा प्रस्तावित खेल स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइंबिंग और सर्फिंग को अगले साल के टोक्यो ओलंपिक में पहले ही शामिल किया जा चुका है, जबकि ब्रेकिंग, यूथ ओलंपिक गेम्स ब्यूनस आयर्स 2018 में एक बड़ी सफलता साबित हुई है जो अब मेन ओलंपिक्स गेम्स में अपनी शुरुआत करेगा।

खेलों की लागत को कम करना प्राथमिकता
पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए निर्धारित एथलीट कोटा 10,500 है, जिसमें नए खेल शामिल हैं, जो टोक्यो 2020 (11,092) की तुलना में 592 कम है। और कुल आयोजनों की संख्या भी 339 से घटाकर 329 कर दी गई। आईओसी के अध्यक्ष थॉमस बाख ने सोमवार को कहा, "इस कार्यक्रम के साथ, हम ओलंपिक खेलों पेरिस 2024 को कोरोना के बाद के विश्व के लिए फिट बना रहे हैं। हम खेलों की मेजबानी की लागत और जटिलता को और कम कर रहे हैं।'

महिलाओं की भागेदारी को बढ़ावा
2021 में होने वाले टोक्यो ओलंपिक में सबसे खास बात है जेंडर इक्वेलिटी। आईओसी का मानना है कि ओलंपिक में लैंगिक समानता रखी जाए, जितने पुरुष कंप्टीटर आते हैं उतनी ही महिला कंप्टीटर भी खेलने आएं। इस बार महिला खिलाड़ियों के प्रतियोगिता में भाग लेने का अनुपाम 48.8 परसेंट होगा। वहीं 2024 पेरिस अोलंपिक में यह संख्या लगभग बराबर-बराबर पहुंच जाएगी। यही नहीं पेरिस 2024 ओलंपिक में मिक्स्ड इवेंट की संख्या बढ़ाई जाएगी, जो टोक्यो की तुलना में 18 से 22 तक पहुंचेगी।