- भाजपा में बसपा के बागी बृजेश का जोरदार स्वागत

- मायावती पर सीधे टिप्पणी करने से बचते रहे बृजेश

- बढ़ते अपराधों पर सपा सरकार को घेरा

LUCKNOW: बहुजन समाज पार्टी का ब्राह्माण चेहरा माने जाने वाले बृजेश पाठक ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामने के बाद कहा कि यूपी के सियासी कीचड़ को केवल कमल ही साफ कर सकता है। उन्होंने बसपा में बढ़ती तानाशाही को पार्टी छोड़ने की वजह तो बताया लेकिन मायावती पर सीधा हमला करने से बचते दिखे। कहा कि अब मेरा लक्ष्य यूपी में भाजपा की बहुमत की सरकार बनवाना है। पूरा देश मोदी को आशा भरी निगाहों से देख रहा है। देश उनके नेतृत्व में नई करवट ले रहा है। मैं भी इस विकास रूपी यज्ञ में आहुति देने आया हूं, क्योंकि जब राष्ट्र का मामला हो तो व्यक्ति का कोई महत्व नहीं होता।

बृजेश के स्वागत में जुटे बड़े नेता

स्वामी प्रसाद मौर्य के मुकाबले बृजेश पाठक के स्वागत में भीड़ भले ही ज्यादा न जुटी हो लेकिन मंच पर भाजपा नेता खासी संख्या में मौजूद थे। केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, असम चुनाव में प्रभारी रहे महेंद्र सिंह, राजधानी के महापौर डॉ। दिनेश शर्मा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य, राज्यसभा सांसद शिव प्रताप शुक्ला ने बृजेश का स्वागत करने के साथ उनकी तारीफों के पुल भी बांधे। डॉ। दिनेश शर्मा ने उन्हें पुराना भाजपाई करार देते हुए कहा कि बदले हालात में उन्हें बसपा में जाना पड़ा था। वहीं महेंद्र पांडेय और शिव प्रताप शुक्ल ने उन्हें ब्राह्माणों का बड़ा नेता करार दिया।

गुड्डू त्रिपाठी भी रहे मौजूद

मंच पर पूर्व बसपा एमएलसी गुड्डू त्रिपाठी को खासकर बुलाकर बैठाया गया। इससे उनके भी भाजपा में आने की पुष्टि हो गयी। अरविंद कुमार त्रिपाठी उर्फ गुड्डू त्रिपाठी बृजेश पाठक के करीबी रिश्तेदार हैं। बसपा से उन्हें निकाले जाने के बाद से ही बृजेश के जाने की अटकलें भी लगाई जा रही थी। उल्लेखनीय है कि गुड्डू त्रिपाठी को राजधानी के पूर्व माफिया अजीत सिंह का करीबी माना जाता था। अजीत सिंह की मौत के बाद गुड्डू ने राजनीति में कदम रखा और बृजेश पाठक के जरिए एमएलसी बनने में कामयाब हुए। उनके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे भी दर्ज रहे है।

मेट्रो में बुआ-भतीजा करेंगे सफर

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बसपा का खात्मा करने के लिए बृजेश ने भाजपा का साथ थामा है। बसपा की आजमगढ़ रैली फेल साबित हुई है। आगरा में जो थोड़ी भीड़ जुटी थी, उसकी वजह बृजेश पाठक ही थे। उन्होंने सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सूबे में लाखों लोग बाढ़ में घिरे है और प्रदेश सरकार मेट्रो व एक्सप्रेस वे में हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रही है। चारबाग से एयरपोर्ट तक मेट्रो से गरीब नहीं जाएगा बल्कि बुआ और भतीजा सफर करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर घोटाले करने वाले लोगों को जेल भेजा जाएगा।