-ताजगंज के बुढ़ाना की घटना, वृद्ध मां को ले जा रही थी अपनी ससुराल

-दोनों पक्षों में 31 अक्टूबर को भी चली थी गोली, घायल हुआ था युवक

आगरा। ताजगंज के बुढ़ाना में रविवार सुबह जमीनी विवाद में सगे-संबंधियों ने मां-बेटी पर हमला बोल दिया। इस दौरान बेटी और उसे बचाने आए चचेरे भाई को हमलावरों ने गोली मार दी। दोनों पक्षों के बीच डेढ़ महीने पहले भी झगड़ा हुआ था। उस दौरान दूसरे पक्ष के युवक के गोली लगी थी।

पूर्व में भी हुआ था विवाद

फीरोजाबाद के सिरसागंज क्षेत्र निवासी मीना पत्नी गंभीर सिंह शनिवार को अपने मायके बुढ़ाना, ताजगंज आई थीं। मीना के अनुसार पिता की मौत हो चुकी है। उनका अपने सगे-संबंधियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। वह रविवार सुबह 5:30 बजे मां को अपने साथ ससुराल ले जा रही थीं। आरोप है कि घर से निकलते ही सगे-संबंधियों महीपाल, विपिन, इंद्रपाल, विजयपाल, रामचरन आदि ने हमला बोल दिया। मीना के अनुसार वह मां रामप्यारी से मारपीट करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो उन्हें गोली मार दी, जो उनकी दाईं बाह में लगी। उनका चचेरा भाई जोगेंद्र बचाने आया तो उसे भी पहले पीटा और फिर गोली मारकर घायल कर दिया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने दोनों को एसएन इमरजेंसी में भर्ती कराया। दोनों पक्ष के बीच 31 अक्टूबर को भी विवाद हुआ था। इसमें बीपी सिंह (22) पुत्र कालीचरन को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। उस समय मीना पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इंस्पेक्टर अनुज कुमार के अनुसार चचेरे भाई-बहन को गोली मारने के आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।