- एक पक्ष ने कारोबारी को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी

- उसको बचाने आए दो भतीजे भी झुलस गए

- एक ही परिवार के चार लोग अस्पताल में भर्ती

Meerut: ब्रह्मापुरी थानाक्षेत्र में रविवार को प्रॉपर्टी का विवाद जानलेवा संघर्ष में बदल गया। प्लॉट पर कब्जे को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। एक पक्ष ने विरोध कर रहे दूसरे पक्ष को पहले लाठी-डंडों से पीटा फिर उनमें से एक को पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। उन्हें बचाने आया रिश्तेदार भी झुलस गया। घटना में चार लोगों को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।

प्लॉट के हैं दो हिस्से

शिव शक्तिनगर निवासी रवि सिंघल प्रॉपर्टी कारोबारी हैं। काफी समय पहले उन्होंने एक प्लॉट का आधा हिस्सा खरीदा था जिसका आधा हिस्सा उमेश कुमार के नाम है। प्लॉट पर निर्माण कार्य को लेकर उनका उमेश के साथ विवाद चल रहा है। आरोप है कि शनिवार को उमेश ने पूरे प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। जिसका विरोध रवि सिंघल ने किया। मोहल्ले वालों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। लेकिन रविवार को भी उमेश कुमार ने फिर से निर्माण कार्य शुरू कर दिया।

पहले पीटा फिर आग लगाई

बताया जा रहा है कि शाम को रवि अपने 13 वर्षीय बेटे रवि के साथ प्लॉट पर पहुंचे। उन्होंने फिर विरोध किया तो उमेश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद उमेश ने उन पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इतने में डर के मारे लक्ष्य अपने घर की ओर भागा। उसके बताने पर रवि का बड़ा बेटा हिमांशु सिंघल, भतीजा शिखर व यश मौके पर पहुंच गए।

यही नहीं उमेश व उनके साथियों ने उन पर भी हमला बोल दिया। लाठी व रॉड से पीटने लगे। हमले में हिमांशु का सिर फट गया। वहीं रवि को बचाने के चक्कर में भतीजा शिखर भी झुलस गया। इस बीच मोहल्ले के लोग फिर पहुंचे और बीच-बचाव किया। उन्होंने पानी डालकर रवि को आग से बचाया। चारों घायलों को प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। रवि करीब 80 परसेंट जल गए हैं, वहीं दोनों भतीजे भी थोड़े झुलस गए हैं।

----------

हॉस्पिटल में हुआ हंगामा

सूचना पर सभी परिजन हॉस्पिटल पहुंच गए। वहां पर मोहल्ले वाले भी काफी संख्या में थे। रवि की पत्‍‌नी संगीता ने डॉक्टर से उनका हाल चाल जाना तो उनहोंने हालत गंभीर बताई। इस पर वह बेहोश होकर वहीं पर गिर पड़ीं। मोहल्ले वालों ने उनको संभाला। इस घटना के बाद हॉस्पिटल में परिवारों वालों का रो-रो कर बुरा हाल था। हॉस्पिटल में हंगामा खड़ा हो गया।

----------

सहम गया लक्ष्य

रवि अपने छोटे बेटे के साथ प्लॉट पर पहुंचे थे। उसके सामने ही उमेश कुमार व उनके साथियों ने उनको पीटना शुरू कर दिया। जिस पर लक्ष्य काफी डर गया। हॉस्पिटल में भी वह मौजूद था। वह काफी सहमा हुआ था। वह कुछ बोल नहीं पा रहा था।

----

दूसरा पक्ष भी अस्पताल में

उधर उमेश कुमार भी अपनी पत्‍‌नी के साथ डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल में भर्ती हो गए। उमेश का आरोप है कि रवि के पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की और आग लगाने की कोशिश की। हालांकि ये कितने परसेंट जले हैं इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। उमेश कुमार ने सबसे पहले थाने में जाकर पुलिस को तहरीर दे दी।

दोनों तरफ से तहरीर आई है। अभी मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। जांच और पूछताछ चल रही है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

- सतेंद्र यादव, एसओ ब्रह्मापुरी