-शहर में अवैध रूप से चल रहे दर्जनों हुक्का बार और लाउंज में हुक्का पीकर बर्बाद हो रहे हैं यूथ

-नशीला हुक्का पिलाकर ब्लैकमेल करने का धंधा भी हो रहा, पुलिस की मेहरबानी से चल रहे हुक्का बार

KANPUR : शहर का यूथ नशाखोरी की लत से बर्बाद हो रहा है। एलएसडी पार्टियां में शामिल होकर होनहार स्टूडेंट 'कबीर सिंह' बन रहे है। एलएसडी पार्टी नशाखोरी की आखिरी सीढ़ी है। आपको नशाखोरी की पहली सीढ़ी के बारे में बताते हैं, वह है हुक्का बार और लाउंज। जहां स्टूडेंट पार्टी करने जाते है और नशाखोरी की लत का शिकार हो जाते है। हुक्का ही नशे की पहली सीढ़ी है। आपको बताते है कि कैसे स्टूडेंट हुक्का बार जाकर बर्बाद होता है। वहां पर कैसे स्टूडेंट को नशा कराया जाता है।

हुक्का से शुरुआत, फिर होता है सूखा नशा

शहर में सौ से ज्यादा हुक्का बार और लाउंज है। जहां स्टूडेंट पार्टियां करने जाते है। आपको बता दे कि इन हुक्का बार में स्टूडेंट नशे की लत का शिकार हो जाते है। यहां पर फ्लेवर के नाम पर स्टूडेंट को हुक्के का कश लगवाया जाता है। स्टूडेंट जैसे ही कश लेता है। वहां पर मौजूद लोग उसको चियर्स करते है। धीरे धीरे स्टूडेंट हुक्के की लत का शिकार हो जाता है। इसके बाद वो सिगरेट, शराब और फिर सूखे नशे (चरस, गांजा, अफीम, हेरोईन, भांग, स्मैक) की ओर बढ़ जाता है। ज्यादातर स्टूडेंट शराब की लत के बाद तौबा कर लेते है, लेकिन कुछ स्टूडेंट सूखे नशे की लत का शिकार होकर बर्बादी की आखिरी स्टेज तक पहुंच जाते है।

फ्रूट का फ्लेवर मिला कर नशा

शहर के ज्यादातर लाउंज नशाखोरी के अड्डे बन गए है। यहां पर हर तरह का नशा मिलता है। जिसमें ज्यादातर सूखा नशा हुक्का में भरकर किया जाता है। इसमें ज्वाइंट की सबसे ज्यादा डिमांड रहती है। ज्वाइंट एक तरह का सूखा नशा है। जिसे सिगरेट और हुक्का में भरकर किया जाता है। इसकी एक डोज से 500 रुपये से लेकर एक हजार रुपये में मिलती है। एक डोज ही नशाखोर को सातवें आसमान में पहुंचा देती है। हुक्का में यह नशा भरकर पीने से सामने वाले को समझ में नहीं आता है कि आप कौन सा नशा कर रहे है। मुंह से बदबू न आए। इसके लिए हुक्का संचालक नशे में किसी फ्रूट का फ्लेवर मिला देते है।

लड़कियां भी हो रही है नशे की लती

हुक्का बार और लाउंज में स्टूडेंट की पार्टियों में लड़कियां भी शामिल होती है। इसमें कुछ लड़कियां तो हुक्का पीने से मना कर देती है, लेकिन कुछ लड़कियां हुक्का पीकर नशे की पहली सीढ़ी चढ़कर बर्बादी की ओर बढ़ जाती है। जो लड़कियां हुक्का पीने से मना कर देती है। उन पर लड़के हुक्का पीने का दबाव बनाते है।

ब्लैकमेलिंग भी की जाती

हुक्का बार और लाउंज में नशीला हुक्का पिलाकर लड़के लड़कियों को नशे में कर ब्लैकमेल किया जाता है। इस तरह के कई मामले सामने आ चुके है। लड़कियों को नशे में करके गंदी हरकत भी की जाती है। जिसका वीडियो बनाकर बाद में उन्हें ब्लैकमेल किया जाता है।

 

''हुक्का पर पूर्णत: प्रतिबंध है, किसी बार या लाउंज में हुक्का पिलाते हुए पकड़े जाने पर तीन साल की सजा का प्रावधान है। अगर हुक्का पिलाए जाने की शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई जरूर की जाएगी.''

आलोक सिंह, आईजी

 

छात्र को ब्लैकमेल करने वाला हुक्का बार संचालक जेल गया

KANPUR : स्वरूपनगर में छात्र को हुक्का बार में नशीला हुक्का पिलाकर ब्लैकमेल करने वाले संचालक को पुलिस ने दबोच लिया। छात्र मेडिकल कॉलेज कैंपस निवासी शिक्षिका का बेटा है। उसको करीब छह महीने पहले एक दोस्त हेडशॉट हुक्का बार ले गया था। वहां पर नशीला हुक्का पिलाकर उसका वीडियो बना लिया गया। इसके बाद से संचालक अजय वर्मा उसको ब्लैकमेल कर रहा था। संचालक अजय छात्र को ब्लैकमेल कर मां की सोने की चेन, हीरे की अंगूठी, टॉप्स और 60 हजार रुपये ले चुका है। घबराए छात्र ने परिजनों को जानकारी दी तो वे छात्र को लेकर एडीजी जोन के सामने पेश हो गए। एडीजी जोन के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर संचालक अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।