नैनी पुल पर कारोबारी अनिल हत्याकांड का एसएसपी ने किया खुलासा

ALLAHABAD: लूट आदि कर पेट पालने वाले शातिर ने बीते जून में नैनी क्षेत्र के यमुना पुर पर कारोबारी अनिल कुमार गुप्ता को लूटने में नाकाम होने पर गोली मार दी थी। उनकी मौत हो गई। नैनी पुलिस ने मंगलवार की देर रात चाका ब्लाक के पास कातिल को गिरफ्तार किया। बुधवार को एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने उसे मीडिया के सामने पेश किया।

पेट्रोल पंप से किया पीछा

पुलिस लाइंस सभागार में एसएसपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी राहुल पासी नैनी के इंदलपुर का निवासी है। उसने बताया है कि वह मोबाइल लूटने का काम करता है। कौशांबी निवासी अजय त्रिपाठी ने उसे अनिल गुप्ता के बारे में जानकारी दी थी। उसने बताया था अनिल रोज चौक से व्यापार से प्राप्त लाखों रुपया लेकर जाता है। दोनों ने लूट के इरादे से गऊघाट स्थित पेट्रोल पम्प से व्यापारी का पीछा किया। अजय बाइक चला रहा था और राहुल पीछे बैठा था। मौका देखते ही राहुल ने तमंचा से फायर किया।

लोग आते दिखे तो गोली मार भागे

रोड पर पीछे से कुछ लोग आते दिखे तो वे उसे नहीं लूट सके। लूट में असफल होने पर उन्होंने अनिल को गोली मार दी और नैनी स्थित एक ढाबे पर कुछ देर रुक कर घर चले गए। राहुल के घटना के बाद मुम्बई चला गया था। एसएसपी ने बताया कि राहुल के खिलाफ जार्ज टाउन, जीआरपी व नैनी थाने में मोबाइल लूट के मामले दर्ज हैं। जल्द ही उसके फरार साथी को भी पुलिस गिरफ्तार कर लेगी।