- बैठक में नहीं आए स्मार्ट व्यापारी, पार्षदों और निगम कर्मचारियों ने किया कोरम पूरा

-मोबाइल वैन की नहीं हो सकी शुरुआत, वोटिंग में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे लोग

Meerut। स्मार्ट सिटी के लिए वोटिंग कराने के लिए नगर निगम ने सोमवार को प्रबुद्ध वर्ग और व्यापारियों की बैठक बुलाई थी, जिसमें बामुश्किल दस व्यापारी ही पहुंचे, जबकि पार्षद और नगर निगम के कर्मचारियों ने सीटों पर बैठ कर कोरम पूरा किया।

अपने आप को बनाएं स्मार्ट

घंटाघर स्थित टाउन हॉल में सुबह ग्यारह बजे प्रबुद्ध नागरिकों की बैठक हुई, जिसमें वरिष्ठ नागरिक सेवा समिति, जागरुक नागरिक एसोसिएशन, मेरा शहर मेरी पहल आदि संगठनों के प्रबुद्ध लोग पहुंचे। सभी ने एकमत से कहा कि पहले सिटी से पहले अपने आप को स्मार्ट बनाना होगा। हालांकि इन्होंने सफाई, बिजली, जाम, अतिक्रमण जैसी समस्याओं को भी उठाया। शहर काजी ने मेरठ के सोना, खेल, कैंची जैसे उद्योगों को दुनियाभर में प्रसिद्ध होने की बात कही।

खुद स्मार्ट होगा शहर

शाम को टाउन हॉल में हुई बैठक में व्यापारियों ने कहा कि शहर चौराहों को यदि ठीक कर दिया जाए तो स्मार्टनेस अपने आप ही आ जाएगी। स्मार्ट सिटी के लिए मनी जनरेशन, पैसा, व्यवसाय, नौकरी आदि के बारे में सोचना चाहिए। पार्षद विजय आनंद ने कहा कि मेरठ का मुकाबला किसी से नहीं है। बस प्रेजेंटेशन ठीक हो जाए तो तीसरे चरण में मेरठ स्मार्ट सिटी घोषित हो जाएगा। व्यापार संघ के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि हम नगर निगम व अन्य विभागों की बुराई बाद में कर लेंगे। पहले मेरठ को स्मार्ट सिटी की सूची में आ जाए। उसके लिए पूरा सहयोग करना है।

वोटिंग करने में नहीं दिलचस्पी

शहरवासियों को स्मार्ट सिटी के लिए हो रही वोटिंग में दिलचस्पी नहीं है। वोटिंग को शुरू हुए तीन दिन हो गए हैं .लेकिन अभी तक केवल डेढ़ हजार के करीब वोटिंग हुई है। सोमवार से मोबाइल वैन और हर वार्ड में कैंप लगने थे। वह भी शुरू नहीं हो पाए हैं। ऐसे में स्मार्ट सिटी कैसे बनेगा यह देखने की बात होगी।

दी सफाई

सोमवार का दिन था। अधिकांश बाजार बंद रहते है। शॉर्ट नोटिस पर सूचना दी गई थी। व्यापारियों ने पहले से कहीं जाने का प्रोग्राम बना रखा होगा। यदि एक दो दिन पहले बताया होता तो सभी व्यापारी पहुंचते।

-नवीन गुप्ता, संयुक्त व्यापार संघ

सूचना व्यापारियों को दी थी। लेकिन किस कारण से नहीं पहुंचे बातचीत के बाद पता चलेगा। वैसे सूचना बहुत ही शॉर्ट नोटिस पर मिली। यदि पहले मिल जाती तो व्यापारी आ जाते।

-विपुल सिंघल, मंत्री संयुक्त व्यापार संघ

व्यापारी बोले

बैठक की कोई सूचना नहीं थी। यदि सूचना मिलती तो बैठक में जरूर जाते। अपने शहर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए पूरा सहयोग दिया जाएगा।

-बिजेंद्र अग्रवाल, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष

शहर में नहीं था और सूचना भी नहीं थी। पहले से पता होता तो जरूर पहुंचता। अपने शहर को स्मार्ट सिटी के लिए जो भी मदद होगी वो की जाएगी।

-अरुण वशिष्ठ, पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष

सूचना रात को मिली थी। पहले से कहीं जाने का प्रोग्राम था। इस कारण से मीटिंग में नहीं पहुंच पाया। यदि पहले सूचना मिल जाती तो प्रोग्राम को चेंज किया जा सकता था।

-संदीप, मंत्री संयुक्त व्यापार संघ

सोमवार को छुट्टी का दिन होता है। इसीलिए पहले से प्रोग्राम बना लिया था। इसीलिए कहीं व्यस्त था। सूचना भी सुबह ही मिली था। जिसके कारण नहीं पहुंच पाया।

-सरदार दलजीत सिंह

वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त व्यापार संघ

शहर में स्मार्ट सिटी का प्रचार प्रसार शुरू कर दिया गया है। शहर में बीस होर्डिंग लगा दिए गए हैं। पंफ्लेट और स्टीकर भी जल्द बनकर आ जाएंगे। मंगलवार को मेबाइल वैन भी शुरू हो जाएगी।

-डीकेएस कुशवाहा, नगर आयुक्त

ऐसे तैयार होगा रिपोर्ट कार्ड

सिटी लेवल क्राइटएरिया- 30 नंबर

- विजन और गोल- 5 नंबर

- स्ट्रेटजिक प्लान- 10 नंबर

- सिटीजन एंगेजमेंट- 10 नंबर

- बेस लाइन, सेल्फ एससमेंट, पॉटेंशिएल फॉर इंप्रूवमेंट- 5 नंबर

एरिया बेस्ड डेवलपमेंट 55 नंबर

- स्मार्टनेस ऑफ प्रप्रोजल 7

- सिटीजन एंगेजमेंट- 5

- रिजल्टस ओरियंटेशन- 15

- प्रोसेस फॉलोड- 3

- इंपलीमेंटेशन फ्रेमवर्क, इनक्लोडिंग फेसीबिल्टी एंड कॉस्ट इफेक्टिवनेस- 25

पान सिटी सॉल्यूशन- 15 नंबर

- स्मार्टनेस ऑफ सॉल्यूशन- 3

- सिटीजन एंगेजमेंट- 1

- रिजल्टस ओरियंटेशन- 5

- प्रोसेस फॉलोड- 1

- इंपलीमेंटेशन फ्रेमवर्क, इनक्लोडिंग फेसीबिल्टी एंड कॉस्ट इफेक्टिवनेस- 5