मुंबई के भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र में जा रही थी सप्लाई

डीजीपी के संज्ञान लेते ही पुलिस में मची खलबली, आला-अफसर मौके पर

Meerut। शनिवार सुबह टीपी नगर थानाक्षेत्र में खड़ा लेड प्लेट्स से लदा कैंटर चोरी हो गया। इसकी सप्लाई मुंबई स्थित भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र भेजी जा रही थी। कैंटर चोरी की वारदात को डीपीजी ओपी सिंह ने संज्ञान लिया तो अफसरों ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कैंटर की तलाश शुरू कर दी है।

मुंबई जा रही थी सप्लाई

जानकारी के मुताबिक कंकरखेड़ा स्थित फैक्ट्री से एक आयशर कैंटर शुक्रवार रात करीब 20 लाख रुपये कीमत की लेड प्लेट्स लादकर मुंबई के लिए चला था। माधवपुरम के शिवपुरम निवासी चालक विजयपाल रात में कैंटर को मेवला पुल के नीचे खड़ा करके घर चला गया। सुबह छह बजे कैंटर गायब देख उसने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। कैंटर के गायब होने की सूचना विभिन्न माध्यमों से कुछ ही देर में डीजीपी ओपी सिंह को हुई। इसके बाद डीजीपी कार्यालय से फोन आने शुरू हो गए। घटना की जानकारी न देने पर कप्तान ने टीपी नगर थाना प्रभारी को फटकार लगाई। पुलिस ने पूछताछ के लिए चालक को हिरासत में लिया है।

लेड प्लेट्स से लदा ट्रक गायब होने की घटना सामने आई है। कैंटर में कोई विस्फोटक सामग्री नहीं थी। डीजीपी व एडीजी कानून-व्यवस्था को घटनाक्रम से अवगत करा दिया है। कैंटर को जल्द तलाश लिया जाएगा।

मंजिल सैनी, एसएसपी