- गुलरिहा एरिया में हुई थी घटना, पुलिस कर रही जांच

- युवती पर दागी गोली, नहीं लगी तो खुद को किया शूट

GORAKHPUR:

गुलरिहा एरिया के टिकरिया में गोली लगने से हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद और अन्य अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पिता ने युवती के भाइयों पर धोखे से बुलाकर गोली मारने का आरोप लगाया था। पुलिस का कहना है कि सभी तरह के सबूत जुटाए जा रहे हैं। पहली जांच में सुसाइड की बात सामने आई थी। पहले दिन युवक के परिजनों ने भी खुदकुशी माना था। छह मार्च की सुबह बेलीपार, चेरिया निवासी संजीव जायसवाल की टिकरिया में गोली लगने से मौत हो गई थी। तब पुलिस की छानबीन में सामने आया था कि संजीव ने एक तरफा प्यार में खुद को गोली मार ली है। खुद को शूट करने के पहले उसने युवती पर गोली दागी। वह किसी तरह से बच गई तो युवक ने अपनी कनपटी पर गोली दाग ली। इस मामले में संजीव के पिता राजेश ने तहरीर दी। आरोप लगाया कि छह मार्च की सुबह करीब पौने सात बजे संजीव जायसवाल को युवती ने फोन कर बुलाया। वहां पहले से मौजूद युवती के भाइयों ने उस पर गोली दाग दी। मंगेश, सुधीर और कुछ अन्य अज्ञात के खिलाफ पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया।