- कागज बचाने के लिए सीबीएसई ने जारी किया सर्कुलर

- लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स में भरे गए लैंग्वेज में ही मिलेगा क्वेश्चन पेपर

GORAKHPUR: कागज वेस्ट होने से बचाने के लिए सीबीएसई ने नई पहल की है। इसके तहत बोर्ड एग्जाम में इस बार 10वीं और 12वीं के बोर्ड स्टूडेंट्स केवल एक मीडियम में क्वेश्चन पेपर चुन सकेंगे। बोर्ड ने इसके लिए एलओसी यानि लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स फिल करने के दौरान ही स्टूडेंट्स से उनका मीडियम भी पूछा है। जिसके आधार पर ही बोर्ड क्वेश्चन पेपर प्रिंट करवाएगा। अभी तक बोर्ड हिंदी और इंग्लिश दोनों मीडियम एक ही क्वेश्चन पेपर में प्रोवाइड करवाता था।

इंग्लिश वालों को नहीं मिलेगा हिंदी का विकल्प

बोर्ड एग्जाम में स्टूडेंट्स को क्वेश्चन पेपर उसी लैंग्वेज में मिलेगा, जो उन्होंने एलओसी में भरा होगा। अगर स्टूडेंट ने एलओसी में लैंग्वेज मीडियम इंग्लिश भरा होगा तो उसे सिर्फ इंग्लिश में ही पेपर मिलेगा। जबकि हिंदी चुनने वाले को हिंदी और इंग्लिश दोनों लैंग्वेज में प्रिंट हुआ क्वेश्चन पेपर मिलेगा। बोर्ड ने स्कूलों को इस बार निर्देश दिए हैं कि एलओसी में स्टूडेंट्स की इंफॉर्मेशन भरने से पहले उनकी सहमति जरूर लें।

बचेगा करोड़ों का कागज

बोर्ड के इस फैसले को स्कूल संचालक अच्छा कदम बता रहे हैं। सिटी के स्कूल प्रिंसिपल्स का मानना है कि बोर्ड के इस फैसले से कई करोड़ के कागज की बचत हो सकेगी। केवल गोरखपुर में ही लाखों की संख्या में कागज बचाया जा सकेगा। यहां हर साल 10वीं और 12वीं के करीब 25 हजार स्टूडेंट्स एग्जाम देते हैं। एक एग्जाम पेपर करीब 16 पेज का होता है। जिसमें एक ही क्वेश्चन पेपर हिंदी और इंग्लिश दोनों लैंग्वेज में प्रिंट होता है। अधिकतर स्टूडेंट्स इंग्लिश मोड में ही क्वेश्चन पेपर ऑप्ट करते हैं। ऐसे में बोर्ड के नए नियम के मुताबिक 99 प्रतिशत क्वेश्चन पेपर सिर्फ एक ही लैंग्वेज में प्रिंट होंगे। जिसके तहत कम कागजों में ही क्वेश्चन पेपर तैयार हो जाएगा।

ये भी हैं निर्देश

जिन स्टूडेंट्स का ऑनलाइन एलओसी प्रोसेस पूरा नहीं होगा, उन्हें 2020 बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया जाएगा। स्टूडेंट्स को सिर्फ वही सब्जेक्ट्स ऑफर किए जाएंगे, जो बोर्ड की ओर से स्कूल को स्वीकृत किए गए हैं। ऐसा नहीं होने की स्थिति में बोर्ड स्टूडेंट्स को उस सब्जेक्ट की परीक्षा में बैठने नहीं देगा। वहीं स्कूल की मान्यता भी रद की जा सकती है। बोर्ड की ओर से ये नियम भी जारी किया गया है कि स्कूलों को तय समय में ही सभी डिटेल्स भेजनी होंगी। साथ ही सभी डिटेल्स एरर फ्री होनी चाहिए।

वर्जन

अधिकतर स्टूडेंट्स बोर्ड एग्जाम में इंग्लिश मीडियम ही चुनते हैं। ऐसे में इस फैसले से स्टूडेंट्स को कोई नुकसान नहीं होगा।

- जीसी मिश्रा, प्रिंसिपल, ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल

सीबीएसई द्वारा उठाया गया एक अच्छा कदम है। इससे कागज की बर्बादी पर रोक लगेगी। स्टूडेंट्स को भी इसमें कोई प्रॉब्लम नहीं होगी।

- विशाल त्रिपाठी, प्रिंसिपल, आर्मी पब्लिक स्कूल