बरेली। उर्स-ए-आला हजरत के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस के दावे फेल होते नजर आए। उर्स के पहले दिन सैटरडे को कई जगह ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त नजर आई। देर शाम तक 19 सीसीटीवी खराब पाए गए। सिर्फ 10 काम कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था पर आसमान से नजर रखने के लिए किराए पर लिए गए तीन ड्रोन शाम को उड़ाए गए। दिनभर ये जमीन पर आराम फरमाते रहे। स्टेशन से इस्लामिया ग्राउंड जाने वाली मालगादेाम रोड देर शाम से अंधेरे में डूबी है। यहां स्ट्रीट लाइट ही नहीं है। इस्लामिया ग्राउंड जाने के लिए जायरीन इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। अंधेरे के कारण कुछ माह पहले इसी सड़क पर अपने बच्चों के साथ आ रही एक महिला को लूट लिया गया था।

कई जगहों पर पुलिस के जवान एसएसपी मुनिराज के निर्देशों का सरेआम उल्लंघन करते नजर आए। कोई बीड़ी फूंक रहा था। किसी के कान में ईयर फोन था। कोई मोबाइल पर व्यस्त था। पूरी सुरक्षा व्यवस्था भगवान भरोसे थी।