जमशेदपुर : टाटा स्टील के सीईओ सह एमडी टीवी नरेंद्रन ने शुक्रवार सुबह अपने कार्यालय में टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व को चेतावनी दी है कि प्रबंधन के प्रस्ताव पर ग्रेड रिवीजन नहीं किया तो उत्पादन लागत बढ़ेगी और वे जमशेदपुर व‌र्क्स में नियोजन बंद कर देंगे और काम आउटसोर्स के माध्यम से कराएंगे।

क्या है मामला

टाटा स्टील प्रबंधन के साथ टाटा वर्कर्स यूनियन नेतृत्व के बीच चल रही ग्रेड रिवीजन की वार्ता बुधवार देर रात टूट गई। पहली जनवरी 2018 से लंबित ग्रेड रिवीजन समझौते पर मध्यस्थता के लिए यूनियन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद, डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय व महासचिव सतीश कुमार सिंह सुबह नौ बजे एमडी से मिलने पहुंचे थे। लेकिन यूनियन नेतृत्व को भी एमडी से राहत नहीं मिली। उन्होंने साफ कर दिया कि जमशेदपुर प्लांट में उत्पादन लागत लगातार बढ़ रही है। जमशेदपुर व‌र्क्स की उत्पादकता सभी लोकेशन से सबसे कम है। अगर समझौता नहीं किया तो वे जमशेदपुर व‌र्क्स में नियोजन को बंद कर आउटसोर्स को बढ़ाएंगे, नहीं तो कंपनी चल नहीं पाएगी। कंपनी में एनएस ग्रेड इसलिए बनाया ताकि उत्पादन लागत कम हो। वहीं, उन्होंने साफ कर दिया कि डीए के स्ट्रक्चर में सभी लोकेशन में बदलाव कर चुके हैं इसलिए जमशेदपुर व‌र्क्स में भी इसे क्रियान्वित किया जाएगा। नहीं तो बढ़ते उत्पादन लागत को कम नहीं किया जा सकेगा। एमडी की इन बातों से यूनियन नेतृत्व वापस बैरंग लौट गए। ऐसे में ग्रेड रिवीजन वार्ता अनिश्चितकाल के लिए टल गई। यूनियन नेताओं से मिलने के बाद एमडी टीवी नरेंद्रन विदेश यात्रा पर निकल गए। वहीं, वाइस प्रेसिडेंट, एचआरएम सुरेश दत्त त्रिपाठी भी शनिवार सुबह शहर से बाहर चले जाएंगे।