- 15 दिनों में अतिरिक्त व्यवस्था का नहीं किया गया इंतजाम

- अपनी मांगों पर अडे़ हैं लेखपाल

- अतिरिक्त कार्य करने से किया साफ इनकार

आगरा। लेखपालों ने अतिरिक्त चार्ज छोड़ दिया है। जिसके कारण 113 सर्किलों के लोग आय जाति और मूल निवास प्रमाण पत्रों के भटक रहे हैं। रिपोर्ट लगाने वाला कोई नहीं है। ये पीडि़त लोग किसे अपनी व्यथा सुनाए, यह उनकी समझ में नहीं आ रहा है। संबंधित तहसीलों में पहुंचकर लोग एसडीएम से गुहार लगाते हैं। वे सिवाय आश्वासन के कुछ भी नहीं दे पाते हैं।

पांच नवम्बर को सौंपा था चार्ज

पांच नवम्बर को लेखपालों ने अतिरिक्त चार्ज छोड़ दिया था। तब कहा गया था कि जिन सर्किलों का चार्ज छोड़ा गया है वहां पर अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी। लेकिन अभी तक 15 दिन गुजर जाने के बाद भी कोई अतिरिक्त व्यवस्था नहीं की गई है। इस स्थिति में लोगों के कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

वापस कार्य करने के नहीं हैं मूड में

लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष चौधरी भीमसेन का कहना है कि वे अतिरिक्त चार्ज किसी कीमत पर दोबारा नहीं लेंगे। क्योंकि इसके बदले उन्हें अतिरिक्त मानदेय नहीं मिलता है। फिर क्यों अतिरिक्त कार्य क्यों करें।

सदर तहसील में की गई अतिरिक्त व्यवस्था

सदर तहसील में अतिरिक्त व्यवस्था कर दी गई है। एसडीएम गरिमा सिंह ने संबंधित सर्किलों का 20 नवम्बर को दायित्व सौंप दिया है। सदर तहसील से संबंधित सर्किलों का कार्य अब प्रभावित नहीं होगा।