GORAKHPUR:

गोला एरिया में बाजार से घर लौट रही महिला की चेन टेंपो में चोरी हो गई। महिला के शोर मचाने पर लोगों को जानकारी हुई। टेंपो सवार महिला को हिरासत में लेकर पुलिस जांच में जुटी है। उसके पास से सोने की तीन चेन बरामद हुई है।

मन्नीपुर, सहडौली गांव की विमला राय रविवार को गोला कस्बे में बाजार करने गई थीं। सामान खरीदकर वह टेंपो से घर लौट रही थीं। टेंपो लेकर ड्राइवर कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचा। तभी उनके गले से सोने की चेन गायब हो गई। चेन गायब होने पर बगल में बैठी महिला पर उनको शक हुआ। विमला ने पुलिस को सूचना दी। टेंपो रोककर पुलिस ने तलाशी शुरू कर दी। तभी एक महिला वहां से खिसकने लगी। संदेह के आधार पर पुलिस ने महिला से पूछताछ की। जेल के जाने के डर से महिला ने चोरी कबूल लिया। विमला राय की चेन लौटाकर वह माफी मांगने लगी। चेन चोरी के आरोप में उसे पकड़कर पुलिस थाने ले गई। विमला के बेटे अनूप ने कहा कि समय से पुलिस न पहुंचती तो चेन नहीं मिल पाती।