- बेटी की शादी की तैयारियों को लेकर मायके जा रही महिला की एक तोला गोल्ड की चेन लूटी

BAREILLY:

ट्रेनों में चोरी और लूट की घटनाओं पर रोक लगा पाने में जीआरपी और आरपीएफ पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। बरेली जंक्शन पर बदमाशों ने एक महिला के गले से गोल्ड की चेन लूट ली। जो कि 1 तोला वजन की थी। पीडि़त महिला ने जीआरपी को तहरीर दी है। बता दें कि जुलाई में महिला की बेटी की शादी है। महिला फ्राइडे को अपने मायके शादी की तैयारियों को लेकर समझने जा रही थी।

प्लेटफार्म नम्बर-3 पर लगी हुई थी ट्रेन

सुरेश शर्मा नगर की रहने वाली सुनीता चतुर्वेदी अपनी छोटी बेटी राधिका और भतीजा हर्षित के साथ अपने मायके चंदौसी दस्तरा जाने के लिए फ्राइडे को बरेली जंक्शन पर दोपहर दो बजे पहुंची। प्लेटफार्म नम्बर-3 पर बरेली से दिल्ली जाने वाली ऊना हिमाचल ट्रेन लगी हुई थी। ट्रेन में काफी भीड़ थी। जैसे ही वह ट्रेन में सवार होने लगीं किसी ने उनके गले में पड़ी गोल्ड का चेन निकाल ली। जब सुनीता सीट पर पहुंची तो गले से चेन गायब देख उनके होश उड़ गए।

सहारा देने वाले युवक पर शक

उन्होंने इस बात की जानकारी जीआरपी को दी। मौके पर जीआरपी इंस्पेक्टर विजय कुमार पहुंच गए। पीडि़ता को अपने साथ थाने ले आए। जहां पर सुनीता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। हर्षित ने बताया कि कोच में सवार होने के दौरान एक युवक गेट पर ही खड़ा था। जो कि महिला को सहारा देने के लिए हाथ पकड़ कोच में चढ़ा रहा था। हो सकता है कि चेन उसी ने ली हो।

जुलाई में है बेटी की शादी

सुनीता ने बताया कि उनके हसबैंड की डेथ हो चुकी है। उनकी बड़ी बेटी प्रज्ञा का रिश्ता तय है। 1 जुलाई को बेटी की शादी होनी है। प्रज्ञा दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में जॉब करती है। वह फ्राइडे को अपने मायके दस्तरा जा रही थीं। ताकि, शादी की तैयारियों को लेकर राय मशवरा कर सकें।

ऊना हिमाचल से महिला अपने मायके जा रही थी। उनकी गोल्ड की चेन गायब हुई है। महिला की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

विजय कुमार, इंस्पेक्टर, जीआरपी जंक्शन