-33.4 डिग्री अधिकतम और 26.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड

PATNA: बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवा का रुख झारखंड की ओर बढ़ने का असर गुरुवार को बिहार में भी दिखा। बिहार में 14 सितंबर तक चक्रवाती हवा के प्रभाव के कारण छिटपुट वर्षा की संभावना है। गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के तापमान में औसत दो डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हो सकती है।

गुरुवार को पटना में 3 मिलीमीटर (एमएम), गया में 0.4 एमएम, भागलपुर में 6.6 एमएम, पूर्णिया में 6.8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। हिसुआ, एकंगरसराय, श्रीपालपुर में 4-4 एमएम, महुआ, गोपालगंज, मीनापुर, बरबीघा में 3-3 एमएम, मनिहारी, बिहपुर, कहलगांव, नवादा, पूसा, कटिहार और बिहारशरीफ में दो-दो एमएम वर्षा हुई।

पटना का अधिकतम तापमान गुरुवार को 33.4 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को पटना सहित आसपास के इलाके में बादल छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बूंदाबांदी की संभावना है।