कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। Chandra Grahan 2022 : चंद्र ग्रहण 2022 भारत और अन्य देशों में 8 नवंबर 2022 को दिखाई देगा। हिंदू कैलेंडर के अनुसार चंद्र ग्रहण कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को लगने वाला है, जो पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। पृथ्वी जब सूर्य और चंद्रमा के बीच आती है, और पृथ्वी की छाया चंद्रमा पर पड़ती है, तो चंद्र ग्रहण होता है। यह चंद्र ग्रहण भारत के कुछ हिस्सों में पूर्ण और आंशिक रूप से दिखाई देगा। चंद्र ग्रहण देखने का समय भारत के अलग-अलग शहरों में एक दूसरे से दो या चार मिनट आगे या पीछे होगा।

चंद्र ग्रहण का समय

चंद्र ग्रहण 2022 दृक पंचांग के मुताबिक शाम 5:10 बजे से शाम 6:18 बजे तक रहेगा। चंद्र ग्रहण 2022 उत्तर/पूर्वी यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया, उत्तरी अमेरिका, अधिकांश दक्षिण अमेरिका, प्रशांत, अटलांटिक, हिंद महासागर, आर्कटिक और अंटार्कटिका में दिखाई देगा। यह चंद्रग्रहण इस साल का आखिरी चंद्र ग्रहण है। चंद्र ग्रहण का प्रभाव सभी राशियों के जातकों पर होगा।

सूतक काल का समय

चंद्र ग्रहण का सूतक काल 12 घंटे पहले लग जाता है। सूतक काल उस समय को कहते हैं जब प्रकृति अत्याधिक संवेदनशील अवस्था में होती है। ज्योतिषियों के अनुसार चंद्र ग्रहण के दिन सूतक का समय सुबह 9:21 बजे से शुरू होकर शाम 6:18 बजे तक रहेगा। सूतक काल में कोई भी धार्मिक और शुभ कार्य नहीं किया जा सकता है क्योंकि इससे कई राशियों पर प्रभाव पड़ने की संभावना है।