कानपुर। शनिवार सुबह चंद्रमा की सतह पर उतरने वाले चंद्रयान 2 मिशन को तगड़ा झटका लगा है। लैंडर विक्रम चंद्रमा की सतह से महज 2.1 किमी की दूरी पर था कि सिग्नल चला गया और इसरो का चंद्रयान से संपर्क टूट गया। इसके बाद चंद्रयान कहां गया यह किसी को नहीं पता। इसरो का कहना है वह डेटा एनालिसिस करके आगे की जानकारी देंगे। हालांकि भारतीय क्रिकेटर्स ने इसरो के वैज्ञानिकों को उनके अथक परिश्रम को लेकर बधाई दी है।


सहवाग ने लिखी यह बात
टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने ट्वीट किया, 'ख्वाब अधूरा रहा पर हौसले जिंदा हैं, इसरो वो है जहां मुश्किलें शर्मिंदा हैं। हम होंगे कामयाब।'


शिखर धवन को है गर्व
टीम इंडिया के गब्बर कहे जाने वाले शिखर धवन ने ट्वीट किया, 'इसरो टीम पर हमें गर्व है। आपने काफी कठिन परिश्रम किया। आप कुछ हारे नहीं बल्कि नई ऊंचाई पर गए हैं। सपनों को जिंदा रखिए।'


गौतम गंभीर को है बेहतर का इंतजार
पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा सांसद गौतम गंभीर ने ट्वीट किया, 'यदि हम असफलता से कुछ नहीं सीखते तो यह हमारी नाकामी है। हम मजबूती के साथ वापसी करेंगे। मैं इसरो की टीम को सैल्यूट करता हूं जिन्होंने करोड़ों भारतीयों को एक साथ सपना दिखाया। मुझे उम्मीद है आने वाले वक्त में और बेहतर आने वाला है।'


पंत ने कहा असफलता कुछ नहीं होती

रिषभ पंत ने ट्वीट करते हुए लिखा है- असफलता जैसी कोई चीज नहीं होती। यहां से केवल ऊपर की ओर और आगे की ओर... हमें आप पर गर्व है इसरो। हम आपके डेडिकेशन और कड़ी मेहनत को सलाम करते हैं। जय हिंद... ।'

 

 

 

 

 

Cricket News inextlive from Cricket News Desk