परिवर्तन यात्रा का सोमवार को होगा शहर में आगमन

जोरदार स्वागत की तैयारियां, टिकट के दावेदार दिखाएंगे ताकत

ALLAHABAD: भाजपा की परिवर्तन यात्रा सोमवार को शहर में प्रवेश करेगी, जिसके स्वागत को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने ताकत झोकने की पूरी तैयारी कर ली है। यात्रा शहर के तीस स्थानों से होकर गुजरेगी। दोपहर में भाजपा महानगर कार्यालय से परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार के मंत्रियों समेत पार्टी के पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे, साथ ही टिकट के दावेदार भी अपने दमखम और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल होने की तैयारियों में जुट गए हैं।

सिर्फ परिवर्तन नहीं विजय यात्रा भी

परिवर्तन यात्रा के स्वागत की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय में रविवार को बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ने कहा कि यह सिर्फ परिवर्तन यात्रा नही बल्कि विजय यात्रा भी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरे जोश में हैं और 2017 विधानसभा चुनाव में भाजपा का पूर्ण बहुमत से आना तय माना जा रहा है। इस मौके पर महानगर यात्रा संयोजक पदुम जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से जानकारी लेकर सुझाव भी दिए।

बनेंगे तोरण द्वार, होगी पुष्प वर्षा

बैठक में महानगर मंत्री श्यामचंद्र ने बताया कि सोमवार को यात्रा का जोरदार स्वागत होगा और सभी जगहों पर तोरण द्वार बनाए गए हैं। मंच से पुष्प वर्षा, उद्बोधन और यात्रा में चल रहे वरिष्ठ पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया जाएगा। यात्रा मार्ग ध्वज और बैंड से सुसज्जित रहेगा, प्रमुख कार्यकर्ताओं को प्रमुख चौराहो पर तैनात किया जा रहा है। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री इंद्रजीत राव, केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल, राष्ट्रीय महासचिव अरुण कुमार सिंह, विधायक सतीश महाना, विधायक डॉ। रीता बहुगुणा जोशी, डॉ। राकेश त्रिवेदी आदि उपस्थित रहेंगे। महानगर मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि लखनऊ से आने वाला बीस डिजिटल रथ को दोपहर एक बजे भाजपा महानगर कार्यालय से प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बैठक में डॉ। एलएस ओझा, डॉ। बीबी अग्रवाल, रामलखन देववंशी, विष्णु वर्मा, प्रदीप पांडेय, राजेश केसरवानी आदि उपस्थित रहे।

दावेदार आज दिखाएंगे ताकत

भाजपा की परिवर्तन यात्रा एक साथ कई संदेश देकर जाएगी। पहला तो विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आम जनता के बीच अपनी योजनाओं और केंद्र की उपलब्धियों से रूबरू कराना इसका अहम उददेश्य है तो चुनाव में टिकट के दावेदार भी इस यात्रा में अपना सबकुछ दांव पर लगाने को तैयार हैं। जिले की तीनों विधानसभाओं के टिकट दावेदार अपने दलबल के साथ इस यात्रा का हिस्सा बनेंगे। शहर के तीस स्थानों से गुजरने वाली यात्रा के प्रत्येक पड़ाव पर दावेदारों ने अपना बाहुबल दिखाने की तैयारी कर ली है।

कांग्रेस मनाएगी काला दिवस

उधर, कांग्रेसियों ने परिवर्तन यात्रा के विरोध में सोमवार को काला दिवस मनाने का फैसला किया है। बालसन गांधी प्रतिमा के समक्ष हुई अखिल भारतीय युवक कांग्रेस की बैठक प्रदेश महासचिव देवमणि मिश्र ने कहा कि भाजपा अपने वादे से मुकर चुकी है। कुछ उद्योगपतियों के कालेधन को सफेद करने उन्हें कमाने में लगी हुई है। दूसरी तरफ गरीब और अपने स्वयं के पैसे बैंक से नही निकाल पा रहे हैं। इस मौके पर पंकज मिश्रा, चंदन सिंह, सुशील सरोज, जाकिर, विकास, उमानाथ यादव आदि उपस्थित रहे। उधर राकेश मिश्रा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या की उपस्थिति में भाजपा का दामन थामा।

परिवर्तन यात्रा से जुड़े आम जनता-फोटो जरूर लगाएं

इलाहाबाद दक्षिणी विधानसभा आवेदक ज्योतिषाचार्य रामानंद शुक्ल 'सागर' पंडित जी ने सोमवार को शहर आने वाली परिवर्तन यात्रा से आम जनता से जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यह यात्रा मील का पत्थर साबित होगी। बता दें कि रामानंद शुक्ल भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, नमामि गंगे जिला संयोजक, जसरा भाजपा ब्लाक प्रभारी आदि पदों को सुशोभित कर रहे हैं। आदि शक्ति ज्वाला देवी का भव्य मंदिर निर्माण कराने के साथ वह शहर दक्षिणी के लोकप्रिय जन नेता भी हैं।